बीजेपी नेता के घर चोरी करने वाले बदमाशों से मुठभेड़:एक घायल; साथी फरार, नई मंडी पुलिस ने नबाब हैदर को किया गिरफ्तार

Nov 02, 2026 - 18:34
0
बीजेपी नेता के घर चोरी करने वाले बदमाशों से मुठभेड़:एक घायल; साथी फरार, नई मंडी पुलिस ने नबाब हैदर को किया गिरफ्तार
मुजफ्फरनगर में बीजेपी के वरिष्ठ नेता जय भगवान शर्मा के घर चोरी करने वाले बदमाशों की सोमवार शाम करीब 5 बजे नई मंडी पुलिस से मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक आरोपी घायल हो गया, जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घायल आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से चोरी किया गया गैस सिलेंडर, तमंचा, कारतूस और बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद हुई है। CO नई मंडी राजू कुमार साव के मुताबिक, पुलिस पचेंडा रोड पर प्लेटिनम रिसोर्ट के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध दिखाई दिए। बाइक के बीच में एक गैस सिलेंडर रखा था। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो दोनों बाइक मोड़कर भागने लगे। पीछा किए जाने पर बदमाश मोटरसाइकिल और सिलेंडर छोड़कर ईख के खेत में घुस गए। खेत में घेराबंदी के दौरान पुलिस पर फायरिंग CO ने बताया कि खेत में घेराबंदी कर बदमाशों को आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी गई। आरोप है कि इस दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश घायल हो गया, जबकि दूसरा फरार हो गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान नबाब हैदर पुत्र चांद मियां उर्फ हसन, निवासी न्याजुपुरा, थाना कोतवाली नगर के रूप में हुई है। फरार आरोपी आफताब पुत्र दिलशाद, निवासी न्याजुपुरा की तलाश की जा रही है। 30 अक्टूबर को दर्ज हुआ था चोरी का मुकदमा चोरी की वारदात नई मंडी कोतवाली क्षेत्र की बच्चन सिंह कॉलोनी की गली नंबर 8 में जय भगवान शर्मा के घर हुई थी। 30 अक्टूबर को उनके बेटे ऋषभ देव शर्मा ने नई मंडी थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। शिकायत के मुताबिक, घर से नकदी, दो गैस सिलेंडर और अन्य सामान चोरी किया गया था। मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी। CO के अनुसार, पूछताछ में नबाब हैदर ने अपने साथी आफताब के साथ रात में जय भगवान शर्मा के मकान में चोरी करने की बात स्वीकार की है। बरामद गैस सिलेंडर उसी मकान से चोरी किया गया था। आरोपी ने बताया कि चोरी का अन्य सामान पहले ही बेच दिया गया है। देहरादून से चोरी की थी बाइक, कई मुकदमे दर्ज पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने बताया कि वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल करीब एक महीने पहले देहरादून से चोरी की गई थी। इसका इस्तेमाल चोरी की घटनाओं में किया जाता था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा और एक खोखा कारतूस, गैस सिलेंडर, बिना नंबर प्लेट की एचएफ डिलक्स मोटरसाइकिल और चोरी के उपकरणों से भरा बैग बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक, नबाब हैदर के खिलाफ सहारनपुर और मुजफ्फरनगर में चोरी, नकबजनी, शस्त्र अधिनियम समेत अन्य धाराओं में पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें तलाश में जुटी हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User