दीपोत्सव के लिए 10 लाख दीपक तैयार होकर पहुंचे:डीएम-एसएसपी और नगर आयुक्त ने संयुक्त रूप से स्थलीय निरीक्षण किया
अयोध्या में 7 नवंबर को होने वाले दसवें दीपोत्सव की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को डीएम शशांक त्रिपाठी, एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर और नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार ने विभागीय अधिकारियों के साथ राम की पैड़ी और रामकथा पार्क का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
प्रशासन के मुताबिक, दीपोत्सव में झांकियों, शोभायात्राओं और राम की पैड़ी पर विशेष शो का आयोजन होगा। इस बार कार्यक्रम को नया स्वरूप देने के साथ पारंपरिक संस्कृति और सुंदरता को भी बनाए रखने का प्रयास किया जा रहा है। आयोजन से जुड़े कार्यक्रमों और एजेंसियों के चयन की प्रक्रिया अंतिम चरण में है।
दीपोत्सव के लिए अब तक करीब 10 लाख दीयों की आपूर्ति हो चुकी है। अगले एक सप्ताह में सभी दीये पहुंचने की उम्मीद है। स्थानीय कुम्हारों से भी दीयों की खरीद की जा रही है।नगर निगम की ओर से साफ-सफाई, रंगाई-पुताई, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, शौचालय और पार्किंग की व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। अधिकारियों के अनुसार, राम की पैड़ी और अयोध्या धाम में 482 अस्थायी बायो टॉयलेट संचालित हैं।
वहीं, सुरक्षा के लिए व्यापक ट्रैफिक प्लान तैयार किया गया है। पार्किंग और डायवर्जन की व्यवस्था के साथ सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों से निगरानी की जाएगी। पुलिस बल को सेक्टर और जोन में तैनात कर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम आवागमन सुनिश्चित किया जाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)