दिवाली पर बढ़े प्रदुषण के कारण सुबह से छाया स्मॉग:शाम तक और बिगड़ सकती है मेरठ की हवा, AQI 300 पार

Nov 08, 2026 - 06:50
0
दिवाली पर बढ़े प्रदुषण के कारण सुबह से छाया स्मॉग:शाम तक और बिगड़ सकती है मेरठ की हवा, AQI 300 पार
मेरठ में दीपावली के दिन सुबह की शुरुआत हल्के स्मॉग और धुंध के साथ हुई। रविवार सुबह आसमान में धुंध की हल्की परत दिखाई दी। शनिवार को ही शहर का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 246 दर्ज किया गया था। ऐसे में दिवाली पर आतिशबाजी और पटाखों के धुएं के कारण प्रदूषण का स्तर और बढ़ने की आशंका है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के रियल टाइम आंकड़ों के मुताबिक, शनिवार को मेरठ की हवा खराब श्रेणी में रही। शहर के कई इलाकों में प्रदूषण का स्तर औसत से भी अधिक दर्ज किया गया। सेक्टर-4सी शताब्दीनगर में एक्यूआई 310 तक पहुंच गया, जबकि एमआईटी कॉलेज क्षेत्र में 297, गंगानगर में 252 और जयभीम नगर में 191 रिकॉर्ड किया गया। पल्लवपुरम में एक्यूआई 178 रहा। एनसीआर के दूसरे जिलों में भी हवा की स्थिति खराब बनी हुई है। शनिवार को गाजियाबाद का एक्यूआई 273, मुजफ्फरनगर का 263, शामली का 260 और बागपत का 250 दर्ज किया गया। सुबह के समय कई इलाकों में धुंध और स्मॉग के कारण लोगों को आंखों में जलन और सांस लेने में परेशानी का सामना करना पड़ा। रविवार को दीपावली पर शाम से रात तक पटाखों के इस्तेमाल के कारण हवा की गुणवत्ता और प्रभावित हो सकती है। पहले से ही प्रदूषण का स्तर बढ़ा हुआ है। ऐसे में पटाखों से निकलने वाला धुआं हवा में प्रदूषक कणों की मात्रा बढ़ा सकता है। इसका असर खासकर बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी बीमारियों से पीड़ित लोगों पर पड़ सकता है। विशेषज्ञों के मुताबिक, प्रदूषण बढ़ने की स्थिति में लोगों को सुबह और देर रात खुले में टहलने से बचना चाहिए। सांस लेने में परेशानी या आंखों में जलन होने पर प्रदूषण के संपर्क में आने से बचें। लोगों से कम से कम पटाखे जलाने और पर्यावरण के अनुकूल तरीके से दीपावली मनाने की अपील की गई है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User