एएमयू की इंजीनियरिंग लैब में लगी आग:प्रॉक्टर टीम के देरी से पहुंचने पर नाराजगी, आग के कारण और नुकसान का आकलन जारी
अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) की इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी लैब में सोमवार दोपहर करीब 4:30 बजे अचानक आग लग गई। अज्ञात कारणों से लगी आग ने कुछ ही देर में लैब के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें उठती देख विश्वविद्यालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पुलिस लाइन और बन्नादेवी फायर स्टेशन से दो दमकल मौके पर पहुंचीं। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
घटना के समय एएमयू छात्रसंघ चुनाव की तैयारियों में जुटे छात्र नेता भी परिसर में मौजूद थे। चुनाव प्रचार से लौटने की तैयारी के दौरान उन्हें लैब में आग लगने की जानकारी मिली। इसके बाद प्रॉक्टर टीम के माध्यम से पुलिस और फिर फायर सर्विस को सूचना दी गई। दमकलों के पहुंचने तक आग की लपटें लैब को घेर चुकी थीं।
वहीं, प्रॉक्टर टीम के मौके पर पहुंचने में देरी को लेकर छात्र नेताओं ने नाराजगी जताई। टीम के पहुंचने के बाद इसको लेकर उनकी नोकझोंक भी हुई। हालांकि, दमकल कर्मियों ने करीब एक घंटे के प्रयास के बाद आग को फैलने से रोकते हुए उस पर काबू पा लिया।
फिलहाल आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। लैब में कितना नुकसान हुआ है, इसका भी आकलन किया जा रहा है। मुख्य अग्निशमन अधिकारी संजीव कुमार के अनुसार आग लगने के कारणों और नुकसान का सही पता जांच के बाद ही चल सकेगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)