एनसीसी कैडेट्स को एडीजी ने दिया सफलता का मंत्र:बोले यूनिफॉर्म तोड़ना नहीं, जोड़ना सिखाती है, एआई के सकारात्मक उपयोग पर दिया जोर
मेरठ में सोमवार को एनसीसी निदेशालय उत्तर प्रदेश के अपर महानिदेशक मेजर जनरल गौरव गौतम (वीएसएम) एनसीसी यूनिटों का निरीक्षण करने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने चार्जिंग रैम ऑडिटोरियम में करीब 300 एनसीसी कैडेट्स को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि एनसीसी का प्रशिक्षण युवाओं को चुनौतियों का सामना करना सिखाता है। यह व्यक्तित्व निर्माण की महत्वपूर्ण इकाई है, जो युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और राष्ट्रसेवा का जज्बा विकसित करती है। मेजर जनरल गौरव गौतम ने कहा कि एनसीसी में हर छात्र को मौका नहीं मिलता। यहां चयनित कैडेट्स को अपनी जिम्मेदारी समझनी चाहिए। यूनिफॉर्म तोड़ना नहीं, जोड़ना सिखाती है। एनसीसी कैंपों में सीखी गई बातों को सामाजिक जीवन में भी लागू करना चाहिए। उन्होंने कैडेट्स को सलाह दी कि जीवन में सफल होना है तो अपने सपनों को हकीकत में बदलने का प्रयास करें और किसी एक कौशल को सीखकर उसमें महारत हासिल करें। उन्होंने गर्ल्स कैडेट्स से कहा कि वे सामाजिक जीवन में मजबूत बनें और अपनी बात बिना किसी डर के मजबूती से रखें। साथ ही युवाओं को बढ़ती तकनीक और एआई टूल्स का सकारात्मक उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। संवाद सत्र में कैडेट अखिल तोमर ने आज की पीढ़ी में बढ़ते तनाव को कम करने का तरीका पूछा। इस पर एडीजी ने कहा कि सबसे पहले यह सोच बदलनी होगी कि जिंदगी बहुत कठिन है। अपनी स्किल, निर्णय लेने की क्षमता, टाइम मैनेजमेंट और पब्लिक स्पीकिंग को बेहतर बनाएं। इससे घबराहट कम होगी और सफलता की राह आसान होगी। उन्होंने कहा कि कठिन परिश्रम, अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता से ही देश को नंबर एक बनाया जा सकता है। महिलाओं को साथ लेकर चलना भी जरूरी है। युवाओं से ही मजबूत और सशक्त राष्ट्र का निर्माण संभव है। एनसीसी अपने प्रशिक्षण के माध्यम से कैडेट्स को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करती है। कार्यक्रम में कर्नल सौरभ डिमरी, कर्नल उदय, लेफ्टिनेंट कर्नल श्रीराम शुक्ला, सूबेदार मेजर महेंद्र कुमार, लेफ्टिनेंट उमेश कुमार, लेफ्टिनेंट राजकुमार, सूबेदार संजीव कुमार और सतीश कुमार मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)