आगरा-से मथुरा, अलीगढ़, जयपुर जाने वाले न जाएं इस रास्ते-से:प्रकाश पर्व पर पुलिस कमिश्नरेट का डायवर्जन प्लान, मंगलवार सुबह आठ बजे होगा लागू
आगरा पुलिस कमिश्नरेट ने श्री गुरूनानक देव साहिब जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर गुरुद्वारा गुरु का ताल में होने वाले कार्यक्रमों को देखते हुए मंगलवार सुबह आठ बजे से भारी वाहनों के लिए यातायात डायवर्जन लागू किया है।
गुरुद्वारा गुरु का ताल पर कीर्तन समागम, लंगर प्रसाद वितरण और आतिशबाजी का आयोजन होना है। इस वजह से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचने की संभावना है। इसे लेकर सुबह आठ बजे से लेकर रात में कार्यक्रम समाप्त होने तक भारी वाहनों के प्रवेश में रोक रहेगी। फिरोजाबाद से मथुरा के लिए ये रहेगा रूट:
इसके तहत एनएच-19 पर रैपुरा जाट दक्षिणी बाईपास से कुबेरपुर कट के बीच भारी वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। फिरोजाबाद से मथुरा की ओर जाने वाले ट्रक, ट्रेलर और कैंटर जैसे वाहनों को कुबेरपुर कट से यमुना एक्सप्रेसवे उत्तरी बाईपास होकर जाना होगा। दिल्ली-मथुरा से फिरोजाबाद-कानपुर की ओर जाने वाले भारी वाहन रैपुरा जाट दक्षिणी बाईपास से रोहता नहर चौराहा, दिगनेर मार्ग और आगरा इनर रिंग रोड होकर या शहजादपुर पौडी गांव से उत्तरी बाईपास होकर गुजर सकेंगे। फिरोजाबाद से ग्वालियर-जयपुर जाने वालों के लिए रहेगा ये रूट:
फिरोजाबाद से ग्वालियर-जयपुर की ओर जाने वाले वाहनों को कुबेरपुर कट से इनर रिंग रोड, दिगनेर पुलिया और रोहता नहर के रास्ते या रमाडा से इनर रिंग रोड होकर शमशाबाद-इरादतनगर सैंया के रास्ते जाना होगा। जयपुर से फिरोजाबाद की तरफ आने वाले वाहन महुअर कट दक्षिणी बाईपास से ग्राम बाद, रोहता नहर चौराहा, दिगनेर पुलिया और इनर रिंग रोड से एत्मादपुर होकर निकलेंगे। जयपुर से ग्वालियर और मथुरा जाने वाले वाहन महुअर कट से सीधे दक्षिणी बाईपास का इस्तेमाल कर सकेंगे। अलीगढ़ से फिरोजाबाद जाने वालों के लिए ये रूट:
अलीगढ़ की ओर से फिरोजाबाद जाने वाला यातायात खन्दौली से मुडी चौराहा होकर एत्मादपुर पर एनएच-19 से जाएगा। ग्वालियर-जयपुर से अलीगढ़ जाने वाले भारी वाहनों को दक्षिणी बाईपास से रोहता चौराहा, दिगनेर मार्ग, एकता चौकी और तोरा चौकी से इनर रिंग रोड या दिगनेर से गुतिला अंडरपास (जवाहर पुल) होकर जाना होगा। एम्बुलेंस को दें रास्ता:
एडीसीपी ट्रैफिक अलका ने सभी वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने की बात कही है। बताया किसी भी समस्या की स्थिति में ट्रैफिक कंट्रोल हेल्पलाइन नंबर 9454457886 पर संपर्क किया जा सकता है। कहा, सड़क पर चल रही एम्बुलेंस को प्राथमिकता दें और तुरंत रास्ता दिया जाए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)