एटा में प्रशासन ने 65 साल पुराना रास्ता खुलवाया:DM से शिकायत के कुछ घंटों बाद एक्शन, तहसीलदार और पुलिस मौके पर पहुंची
जिलाधिकारी एम. अरुन्मोली के निर्देश पर तहसीलदार और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बंद सार्वजनिक रास्ता खुलवा दिया। रास्ता बंद होने की शिकायत मिलने के कुछ घंटों बाद ही आवागमन शुरू हो गया। मामला ग्राम निधौली खुर्द का है। ग्राम मलावन निवासी अर्चना मिश्रा पत्नी पवन कुमार मिश्रा ने सोमवार को जिलाधिकारी को शिकायत दी थी। उन्होंने बताया कि निधौली खुर्द में उनके घर के सामने करीब 20 फीट चौड़ा सार्वजनिक रास्ता है। यह रास्ता लगभग 65 साल पुराना है और चकबंदी के दौरान बनाया गया था। भू-राजस्व विभाग के नक्शे में भी इसका जिक्र है। अर्चना मिश्रा के मुताबिक, 5 नवंबर 2026 को कुछ लोगों ने जेसीबी मशीन से रास्ते को नुकसान पहुंचाकर बंद कर दिया था। इससे उनके घर तक आने-जाने का रास्ता बंद हो गया और परिवार को परेशानी होने लगी। उन्होंने आरोप लगाया कि रास्ता बंद करने का विरोध करने पर कुछ लोगों ने उनसे अभद्रता की और धमकी दी। सोमवार सुबह शिकायत मिलने पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को मौके पर जाकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके बाद तहसीलदार पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे। टीम ने मौके का जायजा लिया और सार्वजनिक रास्ता खुलवा दिया। जिलाधिकारी एम. अरुन्मोली ने अधिकारियों से आम लोगों की शिकायतों पर समय से कार्रवाई करने को कहा है। जिला प्रशासन ने कहा कि नागरिकों की समस्याओं का समाधान कर उन्हें जल्द राहत देना उसकी प्राथमिकता है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)