बदायूं में मासूम की हत्या की वजह तलाश रही पुलिस:दोहरे हत्याकांड में 8 साल के बच्चे की हत्या बनी पहेली
बदायूं के कान्हा नगला गांव में रहने वाले आठ साल के अफनान की किसी से दुश्मनी नहीं थी। खेलने-कूदने की उम्र में उसकी दुनिया नानी के आंगन तक सिमटी थी। फिर ऐसा क्या हुआ कि नानी नियाज बानो के साथ उसे भी मौत के घाट उतार दिया गया? यह सवाल परिजनों से लेकर परिचितों और पुलिस के सामने है। बिनावर थाना क्षेत्र में हुए दोहरे हत्याकांड में पुलिस अब नियाज बानो की हत्या की वजह तलाशने के साथ मासूम अफनान की मौत का मकसद भी जानने में जुटी है। आखिर हत्यारे को आठ साल के बच्चे से ऐसी क्या शिकायत थी कि उसकी भी जान ले ली गई? आशंका जताई जा रही है कि अफनान ने नानी की हत्या होते देख लिया था या हत्यारे को पहचान गया था। हालांकि, अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है। दोनों की हत्या एक ही घर में हुई। अगर हत्यारे का मकसद सिर्फ बुजुर्ग महिला को रास्ते से हटाना था तो मासूम को क्यों निशाना बनाया गया? पुलिस इस बिंदु पर भी जांच कर रही है कि अफनान वारदात के समय जाग गया था या उसने ऐसी कोई बात जान ली थी, जिसके सामने आने का डर हत्यारे को था। इन आशंकाओं की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। अफनान की हत्या की वजह सामने आने के बाद ही दोहरे हत्याकांड की पूरी तस्वीर साफ हो पाएगी। घर की जानकारी रखने वाले पर भी शक घटनास्थल के हालात भी पुलिस को किसी परिचित या घर की जानकारी रखने वाले व्यक्ति की भूमिका की आशंका की ओर ले जा रहे हैं। घर में जबरन दाखिल होने के स्पष्ट निशान नहीं मिले। मुख्य दरवाजा खुला मिला। दोनों के शव चारपाई पर थे और उनके मुंह चादर से ढके हुए थे। चारपाई के आसपास संघर्ष के भी स्पष्ट निशान नहीं मिले। ऐसे में पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हत्यारे ने घर में दाखिल होने के लिए किसी परिचय का सहारा लिया था या उसे घर की दिनचर्या और वहां मौजूद लोगों के बारे में पूरी जानकारी थी। कॉल डिटेल और करीबियों की भूमिका की जांच पुलिस परिवार और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। साथ ही मोबाइल कॉल डिटेल के जरिये भी वारदात की कड़ियां जोड़ने की कोशिश की जा रही है। पुलिस यह पता लगा रही है कि घटना से पहले और बाद में किन लोगों की बातचीत हुई, किसकी गतिविधियां संदिग्ध रहीं और किसे घर के हालात की जानकारी थी। 13 नवंबर की रात हुई थी दोनों की हत्या बिनावर थाना क्षेत्र के कान्हा नगला गांव में 13 नवंबर की रात नियाज बानो (50) और उनके आठ साल के नाती अफनान की गला दबाकर हत्या कर दी गई थी। 14 नवंबर की सुबह नियाज बानो की बेटी हिना को घटना की जानकारी हुई। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दोनों की गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)