एटा में स्विफ्ट और स्कॉर्पियो की टक्कर, 11 घायल:इंजीनियर का परिवार दीपावली पर घर लौट रहा था; स्कॉर्पियो सवार अंतिम संस्कार से आ रहे थे
एटा में रविवार दोपहर करीब 1 बजे कमसान काली मंदिर के पास स्विफ्ट डिजायर और स्कॉर्पियो की टक्कर हो गई। हादसे में दोनों कारों में सवार 11 लोग घायल हुए। इनमें दो लोगों को गंभीर चोट आई है। घायलों को एंबुलेंस से एटा के वीरांगना अवंती बाई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। उनका इलाज चल रहा है। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और कारों में फंसे लोगों को बाहर निकाला। जानकारी के मुताबिक, स्विफ्ट में सवार इंजीनियर अंकित (34), उनकी पत्नी अंजली (32), बेटे अथर्व (7) और ओम (4) घायल हुए। वे दीपावली पर गुड़गांव से अपने घर नगला जाऊ लौट रहे थे। अंकित गुड़गांव की सिग्नेचर कंपनी में काम करते हैं। स्कॉर्पियो में सवार अजीत (18), अनूप (27), रजनी (30), सुषमा (70), अनुज (32), माही देवी (63) और लता (30) भी घायल हुए। वे कुरावली थाना क्षेत्र के नगला खेणी में अंतिम संस्कार में शामिल होकर एटा लौट रहे थे। घायलों में महिलाएं, बच्चे और पुरुष शामिल हैं।
इंजीनियर के भाई गौरव वार्ष्णेय ने बताया कि उनका भाई परिवार के साथ घर लौट रहा था, तभी दोनों कारों की टक्कर हुई। उन्होंने कहा कि परिवार के चार लोग घायल हैं और उनका इलाज चल रहा है। सुमित यादव ने बताया कि हिम्मतपुर गांव के लोग अंतिम संस्कार से घर लौट रहे थे, तभी टक्कर हुई। उनके मुताबिक, एक ही परिवार के आठ लोग घायल हुए हैं और दो को गंभीर चोट आई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)