गाजीपुर के गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं ने स्नान किया:कार्तिक पूर्णिमा पर सूर्य को अर्घ्य देकर पूजा की, ददरी घाट पर भंडारे में प्रसाद लिया
गाजीपुर में कार्तिक पूर्णिमा पर मंगलवार सुबह 5 बजे से गंगा घाटों पर श्रद्धालु पहुंचने लगे। शहर और ग्रामीण इलाकों से लोग परिवार के साथ गंगा स्नान करने आए। उन्होंने गंगा में स्नान किया, सूर्य को अर्घ्य दिया और पूजा-अर्चना की। इसके बाद परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान का विशेष धार्मिक महत्व माना जाता है। इसी आस्था के साथ सुबह से घाटों पर श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही। स्नान और पूजा के बाद लोगों ने दान-पुण्य किया। ददरी घाट स्थित हनुमान मंदिर के पास भंडारा भी हुआ। श्रद्धालुओं ने प्रसाद लिया और घरों के लिए रवाना हुए। भीड़ को देखते हुए घाटों पर सुरक्षा के इंतजाम किए गए थे। कोतवाली पुलिस के साथ महिला पुलिसकर्मी भी तैनात थीं। पुलिसकर्मी घाटों पर निगरानी कर रहे थे और श्रद्धालुओं से फ्लोटिंग एरिया के अंदर स्नान करने को कह रहे थे। पानी कम होने के कारण कुछ लोग फ्लोटिंग एरिया पार कर बाहर की ओर स्नान करने पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोककर तय जगह पर स्नान करने को कहा और दोबारा ऐसा न करने की चेतावनी दी। दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए पार्किंग की व्यवस्था की गई थी। ददरी घाट तिराहे पर वेंडिंग जोन में वाहन खड़े कराए जा रहे थे। वहां से श्रद्धालु पैदल घाटों तक पहुंचे। इससे घाट के आसपास वाहनों की आवाजाही नियंत्रित रही। व्यवस्था का जायजा लेने के लिए सीओ सिटी अनिल कुमार भी मौके पर मौजूद रहे। उन्होंने पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए और इंतजामों की निगरानी की।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)