गोंडा के स्वामीनारायण छपिया मंदिर में मनाया गया अन्नकूट पूजा:भगवान घनश्याम महाराज को लगाया गया 56 भोग, हजारों लोगों को बांटा गया प्रसाद

Nov 09, 2026 - 13:54
0
गोंडा के स्वामीनारायण छपिया मंदिर में मनाया गया अन्नकूट पूजा:भगवान घनश्याम महाराज को लगाया गया 56 भोग, हजारों लोगों को बांटा गया प्रसाद
गोंडा जिला मुख्यालय से 45 किलोमीटर दूर छपिया स्थित भगवान घनश्याम महाराज की जन्मस्थली ऐतिहासिक स्वामीनारायण छपिया मंदिर में सोमवार को अन्नकूट का पर्व हर्षोल्लास और धूमधाम से मनाया जा रहा है। सुबह 10 बजे से ही मंदिर परिसर में अन्नकूट पूजा में शामिल होने के लिए हजारों श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है। भगवान घनश्याम महाराज को छप्पन भोग अर्पित किया गया। इसके बाद सुबह 11 बजे से भक्तों के बीच प्रसाद वितरण शुरू हो गया। सुरक्षा के लिए पुलिस और प्रशासन मुस्तैद हर वर्ष की तरह इस बार भी अन्नकूट महोत्सव को सकुशल संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए। छपिया थाने की पुलिस मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में मुस्तैद रही। पूरे मेला परिसर पर सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों से निगरानी रखी गई। गुजरात और पड़ोसी जिलों से पहुंचे श्रद्धालु स्वामीनारायण छपिया मंदिर में आयोजित इस भव्य उत्सव में शामिल होने के लिए गुजरात से बड़ी संख्या में श्रद्धालु दो दिन पहले ही पहुंच गए थे। इसके अलावा पड़ोसी जिले बस्ती, बलरामपुर, श्रावस्ती और बहराइच से भी भारी संख्या में भक्त छपिया पहुंचे। दीपावली के अगले दिन अवकाश होने के कारण पर्यटकों और दर्शनार्थियों की भीड़ भी देखने को मिली। श्रद्धालुओं ने भगवान घनश्याम महाराज की जन्मस्थली के दर्शन किए और परिसर स्थित पवित्र सरोवर (पोखरे) पर जाकर पूजा-अर्चना की। लोग परिवार के साथ मंदिर पहुंचे और भगवान घनश्याम महाराज की पूजा की। उन्होंने एक-दूसरे के साथ सेल्फी ली और मंदिर के इतिहास की जानकारी भी प्राप्त की। द्वापर युग से जुड़ी है अन्नकूट की परंपरा धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, द्वापर युग में देवराज इंद्र के प्रकोप और मूसलाधार बारिश से गोकुलवासियों और पशु-पक्षियों की रक्षा करने के लिए भगवान श्रीकृष्ण ने गोवर्धन पर्वत को अपनी कनिष्ठिका अंगुली पर उठा लिया था। लगातार बारिश के दौरान ब्रजवासी अपने-अपने घरों से खाद्य सामग्री और सब्जियां लेकर आए। इन सभी को मिलाकर एक विशेष व्यंजन तैयार किया गया, जिसे 'अन्नकूट' कहा गया। इन सब्जियों से तैयार होता है अन्नकूट का भोग अन्नकूट का भोग तैयार करने के लिए गोभी, गाजर, कद्दू, शिमला मिर्च, पत्तागोभी, लौकी, बैंगन, आलू, सिंघाड़ा और सूरन (जिमीकंद) जैसी मौसमी सब्जियों का मिश्रण बनाया जाता है। यदि सभी सब्जियां उपलब्ध न हों, तो मुख्य रूप से मूली, गोभी और बैंगन मिलाकर भी अन्नकूट का प्रसाद तैयार कर पूजा की जाती है। स्वामीनारायण छपिया मंदिर का गौरवशाली इतिहास इतिहासकारों और संप्रदाय की मान्यताओं के अनुसार, भगवान स्वामीनारायण का जन्म वर्ष 1781 में छपिया में घनश्याम पांडे के रूप में हुआ था। वर्ष 1792 में मात्र 11 वर्ष की आयु में उन्होंने गृह त्याग कर 'नीलकंठ वर्णी' नाम धारण किया और करीब सात वर्षों तक देशभर में तीर्थ यात्रा की। लगभग 9 वर्ष और 11 महीने की यात्रा के बाद वर्ष 1799 में वे गुजरात पहुंचे। वर्ष 1800 में गुरु स्वामी रामानंद ने उन्हें उद्धव संप्रदाय में दीक्षित कर 'सहजानंद स्वामी' नाम दिया। वर्ष 1802 में गुरु रामानंद के ब्रह्मलीन होने से पहले उन्होंने संप्रदाय का नेतृत्व सहजानंद स्वामी को सौंप दिया। बाद में सहजानंद स्वामी ने महामंत्र 'स्वामीनारायण' का प्रवर्तन किया। इसके बाद वे 'भगवान स्वामीनारायण' कहलाए और आगे चलकर उद्धव संप्रदाय 'स्वामीनारायण संप्रदाय' के नाम से विख्यात हुआ।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User