गोंडा में आयुष्मान कार्ड बनवाने के नाम पर साइबर ठगी:आरोपी के मोबाइल नंबर पर 7 और बैंक खाते पर 10 शिकायतें दर्ज, FIR दर्ज

Oct 25, 2026 - 16:06
0
गोंडा में आयुष्मान कार्ड बनवाने के नाम पर साइबर ठगी:आरोपी के मोबाइल नंबर पर 7 और बैंक खाते पर 10 शिकायतें दर्ज, FIR दर्ज
गोंडा में पुलिस ने आयुष्मान कार्ड बनवाने के नाम पर लोगों से साइबर ठगी और अवैध वसूली करने के आरोप में अनमोल सविता के खिलाफ शनिवार देर रात करीब 11 बजे धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया है। रविवार दोपहर करीब 3 बजे एफआईआर की कॉपी सामने आई। पुलिस ने राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP), JMIS पोर्टल से मिले डेटा और डिजिटल अभिलेखों के विश्लेषण के बाद यह कार्रवाई की। मामला करनैलगंज कोतवाली क्षेत्र का है। आरोपी की पहचान भंभुआ निवासी अनमोल सविता पुत्र मुनऊ के रूप में हुई है। मुकदमा साइबर डेस्क के नोडल अधिकारी और उपनिरीक्षक शशांक मौर्य की तहरीर पर दर्ज किया गया है। यूपी और महाराष्ट्र में दर्ज हैं कई शिकायतें जांच के अनुसार, आरोपी के संदिग्ध मोबाइल नंबर के खिलाफ NCRP पोर्टल पर कुल 7 शिकायतें दर्ज हैं। इनमें महाराष्ट्र के नवी मुंबई के अलावा उत्तर प्रदेश के बहराइच, लखीमपुर खीरी, मुरादाबाद, महराजगंज, बाराबंकी और मऊ के मामले शामिल हैं। इसके अलावा आरोपी के उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक खाते के खिलाफ 10 शिकायतें दर्ज पाई गईं। डिजिटल जांच में यह खाता विभिन्न साइबर ठगी के मामलों में लेयर-1, लेयर-2 और लेयर-3 स्तर पर रकम प्राप्त करने से जुड़ा पाया गया। ये मामले नवी मुंबई और चंद्रपुर (महाराष्ट्र) के साथ उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर, अयोध्या, बहराइच, गोंडा, लखीमपुर खीरी, मुरादाबाद, बाराबंकी और मऊ से संबंधित हैं। आयुष्मान कार्ड बनवाने का झांसा देकर खाते में मंगाता था रकम पुलिस के अनुसार, आरोपी आयुष्मान कार्ड बनवाने का झांसा देकर और अन्य तरीकों से लोगों को अपने जाल में फंसाता था। इसके बाद कथित तौर पर ठगी की रकम अपने ग्रामीण बैंक खाते में ट्रांसफर करवा लेता था। प्रथम दृष्टया संज्ञेय अपराध पाए जाने के बाद मुकदमा दर्ज कर विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है। करनैलगंज कोतवाली प्रभारी अभय सिंह ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर जेल भेजने की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने लोगों से साइबर अपराध के प्रति सतर्क रहने की अपील की है। किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपनी निजी जानकारी, बैंक खाते से जुड़ी जानकारी या गोपनीय विवरण साझा नहीं करने की सलाह दी गई है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User