गोरखपुर के सेंट पॉल्स स्कूल में सजा ‘भारत दर्शन’:बच्चों ने नृत्य-संगीत से दिखाई देश की संस्कृति, फेथ हाउस बना ओवरऑल चैंपियन

Nov 02, 2026 - 08:42
0
गोरखपुर के सेंट पॉल्स स्कूल में सजा ‘भारत दर्शन’:बच्चों ने नृत्य-संगीत से दिखाई देश की संस्कृति, फेथ हाउस बना ओवरऑल चैंपियन
गोरखपुर के सेंट पॉल्स स्कूल में रविवार देर रात को वार्षिक सांस्कृतिक कार्यक्रम ‘भारत दर्शन–एक्सपीरियंस द इनक्रेडिबल इंडिया’ का आयोजन किया गया। इसमें विद्यार्थियों ने नृत्य, संगीत और कला के माध्यम से भारत की संस्कृति और परंपराओं को दिखाया। कार्यक्रम में उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, नागालैंड और पश्चिम बंगाल की संस्कृति की झलक देखने को मिली। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि बीआरडी मेडिकल कॉलेज की पैथोलॉजी विभाग की एमडी डॉ. शिल्पा मल्ल रहीं। कार्यक्रम में दादी और पोते के रिश्ते पर आधारित एक नाटक पेश किया गया। इसमें पुराने फोटो एलबम के जरिए 1970 के दशक की यादें दिखाई गईं। इस प्रस्तुति के माध्यम से बताया गया कि घर के बुजुर्ग हमारी संस्कृति, परंपराओं और जीवन के अच्छे संस्कारों को अगली पीढ़ी तक पहुंचाते हैं। प्रदर्शनी में बताई राज्यों की खासियत कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, नागालैंड और पश्चिम बंगाल के पारंपरिक कपड़ों में नृत्य और संगीत की प्रस्तुतियां दीं। करेज हाउस, जॉय हाउस, पीस हाउस और फेथ हाउस के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा से लोगों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में चारों राज्यों के विशेष स्टॉल भी लगाए गए। इनमें राज्यों के खानपान, पहनावे, रहन-सहन और परंपराओं को दिखाया गया। विद्यार्थियों ने खुद इन स्टॉलों को संभाला और वहां आने वाले लोगों को राज्यों की खासियत के बारे में जानकारी दी। इससे बच्चों को देश की अलग-अलग संस्कृतियों को समझने का मौका मिला। प्रतियोगिताओं में इन हाउस को मिला स्थान कला प्रतियोगिता में नागालैंड का प्रतिनिधित्व करने वाले पीस हाउस ने पहला स्थान हासिल किया। जम्मू-कश्मीर के जॉय हाउस और उत्तराखंड के करेज हाउस संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर रहे। नृत्य प्रतियोगिता में पश्चिम बंगाल के फेथ हाउस ने पहला और नागालैंड के पीस हाउस ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। गायन प्रतियोगिता में उत्तराखंड के करेज हाउस ने पहला, जबकि पश्चिम बंगाल के फेथ हाउस ने दूसरा स्थान हासिल किया। फेथ हाउस बना ओवरऑल चैंपियन सभी प्रतियोगिताओं के परिणामों के आधार पर फेथ हाउस को ओवरऑल चैंपियन घोषित किया गया, जबकि पीस हाउस दूसरे स्थान पर रहा। मुख्य अतिथि डॉ. शिल्पा मल्ल और अन्य अतिथियों ने विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर उनका उत्साह बढ़ाया। विद्यालय के प्राचार्य सुदर्शन चौधरी ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों और विद्यार्थियों का आभार जताया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User