कोल्हुआ माफी में बिजली पहुंचाने का काम शुरू:विभाग ने भेजा प्रस्ताव, नवंबर 2026 तक 35-40 परिवारों को बिजली देने का लक्ष्य

Nov 02, 2026 - 09:31
0
कोल्हुआ माफी में बिजली पहुंचाने का काम शुरू:विभाग ने भेजा प्रस्ताव, नवंबर 2026 तक 35-40 परिवारों को बिजली देने का लक्ष्य
चित्रकूट के कर्वी विकासखंड की खमरिया ग्राम पंचायत के मजरा कोल्हुआ माफी में बिजली पहुंचाने का काम शुरू हो गया है। विद्युत विभाग ने नवंबर 2026 तक काम पूरा कर बिजली शुरू करने का लक्ष्य रखा है। इससे गांव के करीब 35 से 40 परिवारों को बिजली मिलेगी। दैनिक भास्कर ने 11 जुलाई को गांव में बिजली नहीं होने की समस्या पर खबर प्रकाशित की थी। ‘आजादी के 78 साल बाद भी कोल्हुआ माफी ने नहीं देखी बिजली की रोशनी’ शीर्षक से छपी खबर में ग्रामीणों की परेशानी बताई गई थी। डीएम पुलकित गर्ग ने खबर का संज्ञान लिया। इसके बाद विद्युत विभाग ने गांव में बिजली पहुंचाने का प्रस्ताव शासन को भेजा। मंजूरी मिलने के बाद काम शुरू हुआ। गांव में बिजली नहीं होने से सूर्यास्त के बाद अंधेरा हो जाता था। ग्रामीण रात में ढिबरी और लालटेन जलाते थे। बच्चों को दिन में ही होमवर्क करना पड़ता था। मोबाइल चार्ज कराने के लिए ग्रामीण करीब दो किलोमीटर दूर खमरिया जाते थे। पिछले चुनाव के दौरान गांव में 126 मतदाता दर्ज थे। ग्रामीणों ने कई बार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से बिजली पहुंचाने की मांग की थी, लेकिन उन्हें आश्वासन ही मिले। सदर विधायक अनिल प्रधान ने भी विधानसभा में यह मुद्दा उठाया था। काम शुरू होने पर ग्रामीणों ने खुशी जताई। छत्रबली गौड़ ने कहा कि उन्होंने अपने जीवनकाल में गांव में बिजली आने की उम्मीद छोड़ दी थी। अब बच्चों को रोशनी में पढ़ने का मौका मिलेगा। आशा देवी ने कहा कि बिजली आने से महिलाओं को राहत मिलेगी और अंधेरे में खाना बनाने की मजबूरी खत्म होगी। युवाओं को उम्मीद है कि बिजली मिलने से छोटे-मोटे रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। गांव में बिजली के खंभे, तार और दूसरी सामग्री पहुंचाई जा रही है। अधीक्षण अभियंता आरके यादव ने बताया कि एक महीने में काम पूरा कर बिजली शुरू करा दी जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User