चार मंडलों के 18 जिलों की चुनावी तैयारी परखेगा आयोग:कानून-व्यवस्था से लेकर निर्वाचन प्रक्रिया तक की होगी समीक्षा, नोडल अधिकारी रखेंगे अपनी रिपोर्ट
मेरठ में आज विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर बड़ी बैठक होगी। इसमें पश्चिमी यूपी के चार मंडलों के 18 जिलों के अधिकारी शामिल होंगे। भारत निर्वाचन आयोग और प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी इन जिलों में चुनावी तैयारियों की समीक्षा करेंगे। बैठक में अधिकारी अपनी तैयारियों का प्रेजेंटेशन भी देंगे। 4 मंडलों के कमिश्नर और जिलों के अफसर शामिल होंगे बैठक में मेरठ, सहारनपुर, मुरादाबाद और अलीगढ़ मंडल के कमिश्नर शामिल होंगे। इनके साथ संबंधित जिलों के डीएम, पुलिस कमिश्नर और एसएसपी भी मौजूद रहेंगे। अधिकारी अपने-अपने जिलों में चुनाव की तैयारियों की जानकारी देंगे। प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप सिंह रिणवा भी बैठक में मौजूद रहेंगे। उनके साथ वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त मनीष गर्ग और आयोग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी आज मेरठ पहुंचेंगे। वे तैयारियों की समीक्षा कर कमियों को दूर करने और व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश देंगे। समीक्षा बैठक में मेरठ, सहारनपुर, मुरादाबाद और अलीगढ़ मंडलों के अंतर्गत आने वाले 18 जिलों की निर्वाचन तैयारियों का जायजा लिया जाएगा। चुनाव प्रक्रिया से जुड़े नोडल अधिकारी अपनी-अपनी रिपोर्ट आयोग के समक्ष प्रस्तुत करेंगे। आयोग पिछले विधानसभा चुनाव के दौरान सामने आई चुनौतियों और वर्तमान परिस्थितियों की भी समीक्षा करेगा। बैठक में मंडलायुक्त, पुलिस आयुक्त, पुलिस महानिरीक्षक, पुलिस उप महानिरीक्षक, जिला निर्वाचन अधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और पुलिस अधीक्षक शामिल होंगे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)