गोरखपुर में घर के अंदर ब्लास्ट हुआ सिलेंडर:दीए से लगी आग, 2 घंटे की मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड ने पाया काबू

Nov 20, 2026 - 22:39
0
गोरखपुर में घर के अंदर ब्लास्ट हुआ सिलेंडर:दीए से लगी आग, 2 घंटे की मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड ने पाया काबू
गोरखपुर में शुक्रवार देर शाम एक तीन मंजिला मकान में दीए से आग लग गई। आग की चपेट में आने पास में रखा गैस सिलेंडर भी तेज धमाके के साथ ब्लास्ट हो गया। देखते ही देखते पूरा मकान धू- धू कर जलने लगा। जिससे आसपास के एरिया में अफरा- तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी। मौके पर पहुंची दमकल की तीन गाड़ियों ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। बताया जा रहा है कि हादसे में मकान में रहने वाली उमा मिश्रा का हाथ झुलस गया। साथ ही बेटी की शादी के लिए रखे गए आठ लाख रुपए, पुराने जेवर, कपड़े और अन्य सामान जलकर राख हो गए। घटना तिवारीपुर क्षेत्र के अंधियारीबाग रामलीला मैदान के पास का है। जानिए पूरा मामला… झंगहा थाना क्षेत्र के दुबे टोला निवासी उमा मिश्रा पत्नी ओमप्रकाश मिश्रा पिछले 13 साल से अंधियारीबाग में पवन पांडेय के मकान में किराये पर रहती हैं। मकान मालिक संतकबीरनगर में रहते हैं। तीन मंजिला मकान में पांच किरायेदार रहते हैं। उमा तीसरी मंजिल पर रहती हैं। शुक्रवार को एकादशी पर उन्होंने दीपक जलाया था। इसके बाद कुछ देर के लिए नीचे चली गईं। आशंका है कि इसी दौरान चूहा दीपक को गिरा गया, जिससे पास रखी प्लाई में आग लग गई। आग फैलते हुए बगल में रखे गैस सिलेंडर की पाइप तक पहुंच गई और सिलेंडर ब्लास्ट हो गया। बेटी के शादी का जेवर, नकद और सामान जला उमा की बेटी साक्षी की शादी दीपावली से पहले तय हो चुकी है और सगाई भी हो गई थी। इसी सप्ताह शादी की तारीख तय होनी थी। उमा ने बताया कि बेटी की शादी के इंतजाम के लिए उन्होंने आठ लाख रुपये नकद, पुराने जेवर और कपड़े जुटाकर रखे थे। आग में सब कुछ जल गया। महिला हाथ झुलसा सामान और नकदी बचाने के लिए उमा आग के बीच कमरे में घुस गईं, जिससे उनका हाथ झुलस गया। हालांकि वह कुछ बचा नहीं पाई। वहीं उमा के बगल वाले कमरे में रहने वाली शारदा देवी के घर का भी करीब दो लाख रुपये का सामान जल गया। सभी किरायेदारों ने नीचे भागकर अपनी जान बचाई।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User