CM ने राज्यमंत्री सोमेंद्र तोमर के पिता को दी श्रद्धांजलि:शास्त्रीनगर स्थित आवास पर पहुंचकर परिजनों से मिले मुख्यमंत्री
मेरठ में शनिवार को पूर्व सैनिकों के सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. सोमेंद्र तोमर के शास्त्रीनगर स्थित आवास भी पहुंचे। यहां उन्होंने राज्यमंत्री के दिवंगत पिता महेंद्र सिंह तोमर को श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने उनके चित्र पर पुष्प चढ़ाकर नमन किया और परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। मुख्यमंत्री शनिवार को मेरठ दौरे पर थे। उन्होंने सबसे पहले मेरठ कैंट स्थित कुलवंत सिंह स्टेडियम में आयोजित पूर्व सैनिक पुनर्मिलन समारोह में हिस्सा लिया। यहां पूर्व सैनिकों को संबोधित कर उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री का काफिला शास्त्रीनगर स्थित राज्यमंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर के आवास पहुंचा। यहां मुख्यमंत्री ने स्वर्गीय महेंद्र सिंह तोमर के चित्र पर पुष्प अर्पित किए। इसके बाद वह परिवार के सदस्यों के बीच बैठे और उनसे बातचीत कर हालचाल जाना। इस दौरान मुख्यमंत्री ने राज्यमंत्री की मां धनपाली, पत्नी अंजली तोमर और पुत्र शिवांश व रुद्रांश तोमर से मुलाकात की। साथ ही उनकी चारों बहनों सुभाष, राजबाला, संतोष और गीता से भी मिले। बहनोई शीशपाल, सरदार सिंह, बीरपाल सिंह और धर्मेंद्र से भी बातचीत की। इसके अलावा राज्यमंत्री के भाई नरेंद्र, भाभी सरोज बाला और सास ओमवती सहित परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे। 88 वर्ष की उम्र में हुआ था निधन राज्यमंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर के पिता महेंद्र सिंह तोमर का 88 वर्ष की आयु में निधन हो गया था। पिता के निधन के बाद परिवार शोक में है। ऐसे समय में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का उनके आवास पहुंचना और परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर संवेदना जताना चर्चा में रहा। मुख्यमंत्री ने परिजनों के साथ कुछ समय बिताया और इस कठिन घड़ी में उन्हें धैर्य रखने का भरोसा दिलाया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)