हाईकोर्ट में नौकरी दिलाने के नाम पर 25 लाख ठगे:बुआ के बेटे पर फर्जी जॉइनिंग लेटर देने का आरोप, IPS बनवाने का भी दिखाया सपना

Oct 31, 2026 - 16:23
0
हाईकोर्ट में नौकरी दिलाने के नाम पर 25 लाख ठगे:बुआ के बेटे पर फर्जी जॉइनिंग लेटर देने का आरोप, IPS बनवाने का भी दिखाया सपना
एटा में हाईकोर्ट में क्लर्क की नौकरी दिलाने के नाम पर 25 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित का आरोप है कि आरोपी ने नौकरी का झांसा देकर अलग-अलग समय पर ऑनलाइन और नकद रकम ली। उसे फर्जी जॉइनिंग लेटर, सिलेक्शन लिस्ट और दूसरे दस्तावेज भी भेजे। इतना ही नहीं, गृह मंत्रालय में सेटिंग बताकर IPS बनवाने का सपना भी दिखाया। कोतवाली देहात पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बुआ के बेटे ने नौकरी दिलाने का दिया झांसा शिकायतकर्ता नितिन, महेश चंद्र के बेटे हैं और हीरानगर, निधौली रोड, एटा के निवासी हैं। उन्होंने सचिन, वेदप्रकाश के बेटे निवासी मायानगर, नगला केवल, निधौली रोड के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। नितिन के मुताबिक, मामला 2023 का है। सचिन उनकी सगी बुआ का बेटा है और अक्सर उनसे मिलने आता था। आरोप है कि सचिन ने हाईकोर्ट में क्लर्क की नौकरी दिलाने का भरोसा दिया। उसने अधिकारियों से अच्छे संबंध होने और दूसरे लड़कों की भी नौकरी लगवाने का दावा किया। पहले 14 लाख मांगे, फिर अलग-अलग किस्तों में रकम ली शिकायत के अनुसार, सचिन ने क्लर्क की नौकरी के लिए 14 लाख रुपए मांगे और वैकेंसी निकलने पर टोकन मनी देने की बात कही। नितिन ने ऑनलाइन 10 हजार रुपए और अलग-अलग समय पर 2 लाख 40 हजार रुपए दिए। इसके बाद सचिन ने हाईकोर्ट क्लर्क और लखनऊ सचिवालय में कंप्यूटर ऑपरेटर के पदों के नोटिफिकेशन भेजे। उसने कुछ अन्य लड़कों के कथित जॉइनिंग लेटर, सिलेक्शन लिस्ट और एंट्री पास भी वॉट्सऐप पर भेजे। आरोपी ने 2026 तक नौकरी लगवाने का भरोसा दिया था। घर गिरवी रखकर दिए 10 लाख रुपए नितिन के मुताबिक, 2024 में उन्होंने ब्याज पर लिए 10 लाख रुपए सचिन को नकद दिए। इसके बाद भी नौकरी के संबंध में कोई जानकारी नहीं मिली। आरोपी कथित तौर पर समय बढ़ाता रहा और कहता रहा कि पैसा ऊपर तक पहुंच गया है। पीड़ित का आरोप है कि सचिन ने गृह मंत्रालय में सेटिंग होने और IPS बनवाने का दावा किया। उसने केंद्रीय गृह मंत्री के लेटर से काम कराने और IPS में 2 प्रतिशत कोटे की बात कहकर बड़ी रकम खर्च करने का भरोसा दिलाया। नितिन ने रिश्तेदारों से पैसे जुटाए और 2026 में अपना घर गिरवी रखकर 10 लाख रुपए और दिए। आरोप है कि इसके बाद भी नौकरी नहीं लगी। पैसे मांगने पर गाली-गलौज और मारपीट का आरोप पीड़ित के अनुसार, नौकरी नहीं मिलने पर उन्होंने सचिन से पैसे वापस मांगे। आरोपी टालमटोल करता रहा और रकम लौटाने का भरोसा देता रहा। मार्च 2026 में पैसे मांगने पर गाली-गलौज और मारपीट करने का आरोप है। नितिन ने बीते शुक्रवार को कोतवाली देहात पुलिस को लिखित शिकायत दी। उन्होंने आरोपी को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा कोतवाली देहात थाना प्रभारी केके लोधी ने बताया कि शिकायतकर्ता ने उच्चाधिकारियों को लिखित शिकायत दी थी। मामले की जांच के बाद शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। प्रकरण की जांच-पड़ताल जारी है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User