हमीरपुर में 13 टुल्लू पंप जब्त:SDM ने किया निरीक्षण, पाइपलाइन से पानी खींचने पर कार्रवाई

Nov 16, 2026 - 19:37
0
हमीरपुर में 13 टुल्लू पंप जब्त:SDM ने किया निरीक्षण, पाइपलाइन से पानी खींचने पर कार्रवाई
हमीरपुर के मुस्करा विकासखंड स्थित गहरौली गांव में सोमवार को अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे विजय सिंह ने औचक निरीक्षण किया। पाइपलाइन में टुल्लू पंप लगाकर पानी खींचने के मामले में टीम ने 13 पंप जब्त किए। शिकायतें मिली थीं कि इससे दूसरे घरों तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंच रहा है। एडीएम के नेतृत्व में टीम ने घर-घर जाकर पेयजल व्यवस्था देखी। जांच में कई घरों में पाइपलाइन से सीधे पानी खींचने के लिए टुल्लू पंप लगे मिले। टीम ने सभी 13 पंप जब्त कर सील बंद हालत में संबंधित भवन मालिकों या उनके परिजनों को सौंप दिए। निरीक्षण के दौरान सीनियर एडवोकेट राजेंद्र प्रसाद द्विवेदी और मनोज कुमार द्विवेदी के घरों के बाहर बिना टोटी के पाइप भी मिले। एडीएम ने कहा कि पाइपलाइन में टुल्लू पंप लगाने से पानी का दबाव कम होता है। इसका असर ऊंचाई पर बने घरों में रहने वालों पर पड़ता है। कुछ लोगों के ज्यादा पानी खींचने से दूसरे परिवारों को जरूरत के मुताबिक पानी नहीं मिल पाता। बिना टोटी के पाइप से पानी बहने पर भी बर्बादी होती है। उन्होंने ग्रामीणों से पेयजल पाइपलाइन में टुल्लू पंप नहीं लगाने और घरों में टोटियां लगवाने को कहा। उन्होंने बताया कि जल जीवन मिशन का उद्देश्य हर परिवार तक समान रूप से पानी पहुंचाना है। अभियान के दौरान यूनाइटेड नेशंस ऑफिस फॉर प्रोजेक्ट सर्विसेज (यूएनओपीएस) के सुभाष चंद्र पांडेय ने ग्रामीणों को जल संरक्षण के बारे में बताया। उन्होंने जरूरत के मुताबिक पानी इस्तेमाल करने और अनावश्यक बहाव रोकने की अपील की। एडीएम ने अधिकारियों को गांव में नियमित निगरानी के निर्देश दिए। अभियान में एडीओ पंचायत कपिल सिंह, उनकी टीम और मुस्करा थाना पुलिस मौजूद रही।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User