हरदोई में दो विवाहिताओं को मारने की कोशिश:एक को जहरीली बर्फी खिलाई, दूसरी के दुपट्टे में आग लगाई, केस दर्ज
हरदोई में दहेज लोभियों की क्रूरता के दो सनसनीखेज मामले सामने आए हैं। पहले मामले में बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत ससुरालियों ने दहेज में कार न मिलने पर विवाहिता को प्रसाद के रूप में जहरीली बर्फी खिलाकर जान से मारने का प्रयास किया, तो वहीं दूसरे मामले में शनिवार की रात 10:14 पर दर्ज रिपोर्ट के तहत कासिमपुर थाना क्षेत्र में विवाहिता को ननद द्वारा दुपट्टे में आग लगाकर मौत के मुंह में धकेलने की कोशिश की गई। बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पाठकपुर निवासी नेहा देवी की शादी 18 फरवरी 2024 को जयचंद्र के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी में दान-दहेज मिलने के बावजूद पति और उसकी पांचों बहनों द्वारा ऑल्टो कार की मांग की जा रही थी। आरोप है कि दहेज लोभियों ने जान से मारने की नीयत से विवाहिता को प्रसाद के रूप में जहर मिली बर्फी खिला दी। हालांकि, देवयोग से उसकी जान बच गई। इसके अलावा उसे गर्भवती होने के बावजूद लात-घूंसों और डंडों से पीटकर स्त्रीधन छीनते हुए घर से बाहर निकाल दिया गया। इस संबंध में शनिवार को 5:32 बजे नशीला पदार्थ देने, डीपी एक्ट, मारपीट और आपराधिक धमकी सहित अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। दूसरे मामले में कासिमपुर थाना क्षेत्र के लैकू खेड़ा मजरा सरेहरी निवासी आरती देवी की शादी 24 नवंबर 2025 को लखनऊ के तालकटोरा थाना क्षेत्र के राजाजीपुरम निवासी शरद कुमार के साथ हुई थी। ससुराल पक्ष के लोग अतिरिक्त दहेज में कार की मांग को लेकर उन्हें शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगे। आरोप है कि सास रेखा भारती ने पहले विवाहिता को छत से धक्का देने का प्रयास किया और 14 जनवरी 2026 को जब आरती किचन में खाना बना रही थीं, तब ननद खुशी ने उन्हें जान से मारने की नीयत से उनके पहने हुए कपड़ों व दुपट्टे में आग लगा दी। किसी तरह उन्होंने अपनी जान बचाई। अंततः 5 फरवरी 2026 को उन्हें घर से बाहर निकाल दिया गया। पुलिस ने हत्या का प्रयास, डीपी एक्ट, आपराधिक धमकी आदि धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)