जौनपुर में भाईदूज पर बहनों ने भाइयों को लगाया तिलक:गोधन कूटने की परंपरा निभाई, आरती उतारकर मिठाई खिलाई
जौनपुर में बुधवार को भाईदूज का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। बहनों ने भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर उनकी लंबी उम्र और सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद आरती उतारकर मिठाई खिलाई। पूर्वांचल में महिलाओं ने गोधन कूटने की पारंपरिक रस्म भी निभाई। ज्योतिषाचार्य के अनुसार, पूजा के लिए सुबह 11:15 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक अभिजीत मुहूर्त था। मान्यता है कि इस दौरान बहनों से तिलक करवाने पर भाइयों को लंबी उम्र और समृद्धि का आशीर्वाद मिलता है। ज्योतिषाचार्य ने बताया कि भाईदूज की कथा यमराज और उनकी बहन यमुना से जुड़ी है। यमुना लंबे समय से यमराज को अपने घर आने का निमंत्रण दे रही थीं, लेकिन व्यस्तता के कारण वे नहीं जा पा रहे थे। बाद में यमराज बहन के घर पहुंचे। यमुना ने उनका तिलक लगाकर स्वागत किया और आदर-सत्कार किया। बहन के प्रेम से प्रसन्न होकर यमराज ने उन्हें वरदान दिया। मान्यता है कि तभी से यह दिन यम द्वितीया और भाईदूज के रूप में मनाया जाने लगा। मूसल से गोधन कूटकर निभाती हैं परंपरा पूर्वांचल में भाईदूज पर महिलाएं सुबह सबसे पहले मूसल की पूजा करती हैं। इसके बाद भाई को प्रतीकात्मक रूप से श्राप देकर गोबर से बने गोधन को मूसल से कूटती हैं। लोकमान्यता के अनुसार, यमराज के दरबार में एक ऐसे व्यक्ति को लाने की बात हुई, जिसे उसकी बहन ने कभी श्राप न दिया हो। जब यमराज उसे लेने पहुंचे तो बहन को इसकी जानकारी हो गई। भाई की रक्षा के लिए उसने यमराज को श्राप दिया। गोबर में समा गई थी यमराज की शक्ति लोककथा के मुताबिक, बहन ने गुस्से में गोबर का टुकड़ा उठाकर कहा कि यदि उसका प्रेम सच्चा है तो यमराज की शक्ति इसमें समा जाए। मान्यता है कि ऐसा ही हुआ। इसके बाद बहन ने गोबर पर पान का पत्ता, सुपारी और इलायची रखकर मूसल से कूटा। बाद में भाई की रक्षा के लिए यमराज को श्राप देने का एहसास होने पर बहन ने प्रायश्चित किया। इसी परंपरा में महिलाएं अपनी जीभ पर कांटा चुभाती हैं, जिसे साईं का कांटा चुभाना भी कहा जाता है। गोधन कूटने के बाद तिलक और आरती की रस्म गोधन कूटने की रस्म पूरी होने के बाद बहनें भाइयों की लंबी उम्र और सुख-समृद्धि की कामना करती हैं। इसके बाद माथे पर तिलक लगाकर आरती उतारती हैं और मिठाई खिलाती हैं। धार्मिक मान्यता है कि भाईदूज पर बहन के हाथों तिलक करवाने वाले भाई को अकाल मृत्यु का भय नहीं रहता। यह पर्व भाई-बहन के प्रेम, विश्वास और आपसी स्नेह का प्रतीक माना जाता है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)