भाईदूज पर अमरोहा में रोडवेज बसों में भीड़ बढ़ी:खड़े होकर सफर कर रहे लोग, यात्री चढ़ने के लिए कतार में लगे
अमरोहा में भाईदूज पर बुधवार सुबह से रोडवेज बसों में यात्रियों की भीड़ रही। भाइयों के घर जाने वाली कई बहनों को बसों में सीट नहीं मिली। कुछ यात्रियों को खड़े होकर सफर करना पड़ा। जिले के प्रमुख बस अड्डों पर सुबह से यात्रियों की आवाजाही बनी रही। सीट पाने के लिए यात्रियों को इंतजार करना पड़ा। कई रूटों पर बसें पूरी तरह भरकर रवाना हुईं। यात्रियों की संख्या बढ़ने पर रोडवेज ने प्रमुख मार्गों पर बसों के अतिरिक्त फेरे बढ़ाए। इसके बावजूद भीड़ कम नहीं हुई। मुरादाबाद, बिजनौर, संभल और चांदपुर जाने वाली बसों में सबसे ज्यादा यात्री रहे। बस अड्डों पर बस पहुंचते ही यात्री चढ़ने के लिए कतार में लग रहे थे। भीड़ संभालने और बस अड्डों पर व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया। वे यात्रियों की आवाजाही संभाल रहे थे, ताकि बसों के चलने में परेशानी न हो। अमरोहा डिपो के एआरएम जेसी गौड ने बताया कि अमरोहा रोडवेज बस स्टैंड से सभी रूटों के लिए 100 बसें लगाई गई हैं। सुबह 11 बजे के बाद भीड़ ज्यादा बढ़ी। बसों को एक-एक करके तय रास्तों पर भेजा जा रहा है। उन्होंने बताया कि यात्रियों की मदद के लिए हेल्प डेस्क भी बनाई गई है। यहां बसों के रूट और उपलब्धता की जानकारी दी जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)