झांसी के 11 होटलों में पुलिस रेड, मिला कुछ नहीं:महिलाएं बोलीं- देह व्यापार होता है, हमारा घर से निकलना भी दूभर हो गया

Oct 31, 2026 - 06:12
0
झांसी के 11 होटलों में पुलिस रेड, मिला कुछ नहीं:महिलाएं बोलीं- देह व्यापार होता है, हमारा घर से निकलना भी दूभर हो गया
झांसी में कथित देह व्यापार कराने के आरोपों से घिरी पुलिस ने शुक्रवार देर रात एकसाथ 11 होटलों में दबिश दी। 9 पुलिस टीमों ने इन होटलाें को घेर लिया। एंट्री और एग्जिट पॉइंट को सील कर दिया गया। किसी को न तो अंदर आने दिया और न ही बाहर निकलने दिया। इसके बाद सीओ सिटी प्रिया सिंह ने एक-एक होटल में जाकर बरीकी से जांच की। एंट्री रजिस्टर से लेकर सीसीटीवी कैमरे चेक किए। होटल में रहने लोगों से भी पूछताछ की गई। हालांकि छापेमार कार्रवाई के दौरान पुलिस को ऐसा कुछ नहीं मिला। लेकिन यहां रहने वाली महिलाओं ने गंभीर आरोप लगाए। कहा- इन होटलों में दिन-रात देह व्यापार होता है। ऐसे में हम लोगों और हमारी बेटियां का यहां से निकलना दूभर हो जाता है। ऐसी पुलिस कार्रवाई लगातार होनी चाहिए। पूरी कार्रवाई नवाबाद थाना क्षेत्र के बस स्टैंड पर बने होटलों में की गई। 4 तस्वीरें देखिए… लोकल पुलिस को सूचना नहीं दी गई शुक्रवार दोपहर को वकीलों ने कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन कर नवाबाद थाना क्षेत्र के होटलों में देह व्यापार होने का आरोप लगाया था। रात लगभग 9 बजे सीओ सिटी प्रिया सिंह के नेतृत्व में बड़ागांव थाना प्रभारी वेद प्रकाश पांडेय और सदर थाना प्रभारी अरुण कुमार तिवारी के साथ पुलिस लाइन का फोर्स बस स्टैंड पहुंचा। 9 पुलिस टीमों ने यहां बने 11 होटलों को घेर लिया। एंट्री और एग्जिट पाइंट को सील कर दिया गया। इसके बाद सीओ सिटी ने एक-एक होटल में जाकर जांच की। कमरों में ठहरे हुए लोगों से बातचीत की। हालांकि उनको किसी होटल में महिला या लड़की नहीं मिली। लगभग 3 घंटे तक कार्रवाई चली। लोकल पुलिस नवाबाद को इस रेड की जानकारी नहीं दी गई और न ही मौके पर बुलाया गया। महिलाएं बोली- अधिकतर होटलों में देह व्यापार होता है पूर्व पार्षद जामवती ने बताया- बस स्टैंड के पास बने 9 लॉज एवं होटलों में देह व्यापार होता है। लॉज वाले लोगों को आवाज देकर अपने-अपने होटलों में बुलाते हैं। यहां से घरेलू महिलाओं और बेटियाें का निकलना दूभर हो जाता है। लोगों ने शिकायत भी की थी। हम लोग चाहते हैं कि ये देह व्यापार बंद होना चाहिए। होमगार्ड से रिटायर्ड भारती मिश्रा ने बताया- बस स्टैंड के पास होटलों में देह व्यापार हो रहा है। अविवाहित लड़कियां से लेकर महिलाएं रहती हैं। हमारे घर इन होटलों के आसपास ही बने हैं, बाहर निकलते हैं तो लोग पूछने लगते हैं कि लड़कियां मिलेंगी? शर्म के मारे घर से महिलाएं-बेटियां निकलती भी नहीं है। बगल में बस स्टैंड है, हमारे रिश्तेदार आते है तो उनको भी होटल वाले बुलाने लगते हैं। इसलिए हम लोग खुद उनको लेने जाते हैं। हमने पुलिस को शिकायत की थी। महिलाओं ने भी साथ दिया था। ये गंदा काम बंद होना चाहिए। बस हमारी यही मांग है। एसपी सिटी बोली- पहले से प्लान थी रेड एसपी सिटी प्रीति सिंह ने बताया- सीओ सिटी ने नेतृत्व में बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स के साथ नवाबाद थाना क्षेत्र में बस स्टैंड के आसपास होटलों में दबिश दी गई। 11 होटलों की तलाशी ली गई, लेकिन कोई संदिग्ध महिला या पुरुष बरामद नहीं हुए। जिससे देह व्यापार की पुष्टि हो सके। स्थानीय लोगों ने बताया कि यहां पर इस तरह की गतिविधियां होती हैं। लोगों ने एसएसपी से शिकायत की थी। इस पर एसएसपी ने बड़े स्तर पर रेड प्लान की थी। जो आज शुक्रवार के लिए निर्धारित थी। आज कुछ नहीं मिला, लेकिन स्थानीय लोगों की शिकायत को ध्यान में रखते हुए आगे भी कार्रवाई की जाएगी। बार के अध्यक्ष प्रमोद शिवहरे ने नवाबाद क्षेत्र में देह व्यापार होने के आरोप लगाए थे। लेकिन आज की रेड एसएसपी के निर्देश पर पहले से ही प्लान थी। लेकिन त्योहार और एमएलसी चुनाव में व्यस्तता के कारण समय न होने के कारण आज की तिथि के लिए पहले से ही प्लान किया गया था। उसी क्रम में रेड की गई, लेकिन हमें कुछ भी आपत्तिजनक नहीं मिला।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User