वार्ड-13 में गंदगी देख भड़के नगर आयुक्त:सफाई निरीक्षक को लगाई फटकार; रोजाना दो शिफ्ट में चलेगा सफाई अभियान

Oct 31, 2026 - 06:12
0
वार्ड-13 में गंदगी देख भड़के नगर आयुक्त:सफाई निरीक्षक को लगाई फटकार; रोजाना दो शिफ्ट में चलेगा सफाई अभियान
नगर निगम की सफाई व्यवस्था और विकास कार्यों की हकीकत जानने के लिए नगर आयुक्त अजय जैन शुक्रवार को वार्ड नंबर-13 संझाई पहुंचे। निरीक्षण के दौरान वार्ड के कई खाली प्लॉट कूड़े से भरे मिले। वहीं, कई स्थानों पर सड़क किनारे भी कूड़े के ढेर लगे हुए थे। सफाई व्यवस्था में लापरवाही मिलने पर नगर आयुक्त ने सफाई निरीक्षक श्रवण सोनकर को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने पूरे वार्ड का बीटवार रोस्टर तैयार कर उसी के अनुसार प्रतिदिन सफाई कराने को कहा। नगर आयुक्त ने निर्देश दिया कि वार्ड में नियमित सफाई के साथ दूसरी शिफ्ट में भी विशेष अभियान चलाया जाए। प्रतिदिन सुबह 10 बजे के बाद सेकेंड शिफ्ट में सफाई कर्मचारी लगाए जाएं। इस दौरान खाली प्लॉट में जमा कूड़े और नालियों की सफाई कराई जाए, ताकि गंदगी दोबारा न जमा हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि सफाई व्यवस्था में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। वार्ड की सभी गलियों और सड़क किनारे नियमित सफाई सुनिश्चित कराई जाए। सड़कों और नालियों के निर्माण की भी जांच की निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने वार्ड में त्वरित आर्थिक विकास योजना के तहत कराए जा रहे निर्माण कार्यों की भी प्रगति देखी। डीपी एजुकेशन से अनिरुद्ध यादव के मकान होते हुए गायत्री एकेडमी तक सीसी सड़क और आरसीसी नाली निर्माण का निरीक्षण किया। इसके अलावा तान्या ट्रेडर्स के पास शिखा गिरी के मकान से एएस अंसारी के मकान होते हुए मेहदी हसन के मकान और अन्य गलियों में चल रहे निर्माण कार्यों की स्थिति देखी। अफसर के मकान से रूपेश के मकान तक और अन्य गलियों में सीसी सड़क, साइड पटरी और नाला निर्माण कार्य का भी जायजा लिया। नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्माण कार्यों में तेजी लाते हुए इन्हें जल्द पूरा कराया जाए, ताकि स्थानीय लोगों को आवागमन और जलनिकासी की समस्या से राहत मिल सके। पेयजल व्यवस्था का भी लिया जायजा नगर आयुक्त ने वार्ड में पेयजल व्यवस्था और नाला-सड़क निर्माण की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि विकास कार्यों के साथ नागरिक सुविधाओं पर भी विशेष ध्यान दिया जाए। निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता अमरनाथ, जोनल अधिकारी संतोष गुप्ता, जोनल सेनेटरी अधिकारी अखिलेश श्रीवास्तव सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User