जवान के घर चोरी का 36 दिन बाद मुकदमा दर्ज:महराजगंज में 75 हजार नकद, जेवर और लैपटॉप चोरी; थानाध्यक्ष भी लाइन हाजिर
महराजगंज में पनियरा थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर गांव में सेना के जवान के घर हुई चोरी के मामले में पुलिस की कार्यप्रणाली सवालों के घेरे में है। पीड़ित जवान कृष्ण देव यादव की शिकायत के करीब 36 दिन बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। आरोप है कि कई बार थाने पर शिकायत करने के बावजूद सुनवाई नहीं हुई। आखिरकार जवान ने एडीजी जोन गोरखपुर से शिकायत की। इसके बाद 10 नवंबर को चोरी का मुकदमा दर्ज किया गया। इसी दौरान थानाध्यक्ष कुंवर गौरव सिंह को लाइन हाजिर भी कर दिया गया। लक्ष्मीपुर पोस्ट भौराबारी निवासी कृष्ण देव यादव पुत्र मुरारी यादव सेना की डीएससी कोर में सिपाही के पद पर तैनात हैं। जवान की ओर से थाने में दी गई तहरीर के मुताबिक, 5 अक्टूबर 2026 को वह परिवार के साथ घर में ताला बंद कर गोरखपुर गए थे। इसी दौरान रात में अज्ञात चोरों ने घर का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। 75 हजार नकद, जेवर और लैपटॉप ले गए चोर तहरीर के अनुसार, चोर घर से 75 हजार रुपए नकद, जेवरात, लैपटॉप और सीसीटीवी कैमरे का एनवीआर चोरी कर ले गए। 6 अक्टूबर को शाम करीब 4 बजे जवान के चाचा रामसूरत यादव घर पहुंचे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी और बक्सों के ताले भी टूटे हुए थे। घटना से परिवार को काफी आर्थिक नुकसान हुआ। एडीजी से शिकायत के बाद दर्ज हुआ मुकदमा चोरी की घटना के बाद जवान ने पनियरा थाने में कई बार शिकायत की, लेकिन मुकदमा दर्ज नहीं हुआ। इसके बाद उन्होंने उच्चाधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई और एडीजी जोन गोरखपुर को प्रार्थना पत्र दिया। शिकायत के बाद पुलिस ने 10 नवंबर को मुकदमा दर्ज किया। चोरी के खुलासे और सामान बरामदगी का इंतजार घटना के करीब 36 दिन बाद मुकदमा दर्ज होने और इसी दौरान थानाध्यक्ष को लाइन हाजिर किए जाने से पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। अब पीड़ित परिवार को चोरी का खुलासा होने और सामान बरामद होने का इंतजार है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)