कैंसर की दवाओं के दाम घटे, मरीजों को मिलेगी राहत:सुप्रीम कोर्ट ने दिया आदेश, 543 दवाओं के कम हुए रेट
आगरा में कैंसर के इलाज का खर्च मरीजों और उनके परिवारों की आर्थिक स्थिति बिगाड़ रहा है। जांच, कीमोथेरेपी, ऑपरेशन और रेडियोथेरेपी पर लाखों रुपये खर्च हो रहे हैं। एत्मादपुर के भूपेंद्र की पत्नी को पांच महीने पहले मुंह के कैंसर का पता चला। इस दौरान इलाज पर करीब पांच लाख रुपये खर्च हो गए और परिवार की जमा पूंजी भी खत्म हो गई। अब ब्याज पर रुपये लेकर इलाज कराना पड़ रहा है। ऐसे में कैंसर की दवाओं के दाम में 93 प्रतिशत तक की कटौती से मरीजों को राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि, दवाओं की कीमतों में कमी का लाभ मरीजों तक पहुंचाने के लिए निगरानी और अन्य गंभीर बीमारियों की दवाएं सस्ती करने की मांग भी उठ रही है। इलाज में खर्च हो गई जमा पूंजी एत्मादपुर निवासी भूपेंद्र ने बताया कि पत्नी को कैंसर होने की जानकारी मिलने के बाद जांच, कीमोथेरेपी, ऑपरेशन और रेडियोथेरेपी करानी पड़ी। पांच महीने में करीब पांच लाख रुपये खर्च हो चुके हैं। इलाज में जमा पूंजी खत्म हो गई है। अब ब्याज पर रुपये लेकर उपचार कराना पड़ रहा है। उनका कहना है कि दवाएं सस्ती होने से इलाज के खर्च में राहत मिलेगी। यह परेशानी सिर्फ उनके परिवार की नहीं, बल्कि महंगे इलाज से जूझ रहे तमाम मरीजों और उनके परिजनों की है। सरकार के फैसले से मरीजों को राहत आगरा कैंसर सोसाइटी के अध्यक्ष डॉ. संदीप अग्रवाल ने बताया कि कैंसर जैसी गंभीर बीमारी का इलाज काफी महंगा है। दवाओं के अधिकतम खुदरा मूल्य (एमआरपी) और वास्तविक कीमत में अंतर होता है। सरकार ने कैंसर की दवाओं के दाम कम किए हैं। इससे मरीजों को निश्चित रूप से राहत मिलेगी। 543 दवाओं की कीमतें कम करना बड़ा फैसला आगरा महानगर केमिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष आशीष शर्मा ने बताया कि कैंसर की 543 दवाओं की कीमतें कम करना बड़ा फैसला है। इससे मरीजों के इलाज का खर्च घटेगा। हालांकि, दवाओं की कीमतों में कमी का लाभ मरीजों तक पहुंचे, इसके लिए सख्ती से निगरानी भी जरूरी है। अन्य गंभीर बीमारियों की दवाएं भी हों सस्ती आगरा फार्मा एसोसिएशन के पुनीत कालरा ने बताया कि दवाओं की वास्तविक कीमत और एमआरपी में कई गुना अंतर होता है। सरकार ने कैंसर की दवाओं के दाम कम किए हैं। इसी तरह अन्य गंभीर बीमारियों की दवाएं भी सस्ती की जानी चाहिए, ताकि आर्थिक रूप से परेशान मरीजों को राहत मिल सके। सभी जरूरी दवाओं पर मिले राहत सुप्रीम कोर्ट में याचिकाकर्ता डॉ. संजय कुलश्रेष्ठ ने बताया कि महंगी दवाओं के मामले में सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई चल रही है। कैंसर की दवाओं की कीमतें कम करने का लाभ मरीजों को मिलना चाहिए, लेकिन राहत केवल कैंसर की दवाओं तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। सभी जरूरी दवाओं की कीमतें कम करने की दिशा में कदम उठाए जाने चाहिए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)