आगरा लेबर कोर्ट में कांग्रेस का हंगामा:तय वेतन न मिलने पर की शिकायत,बोले-मांग पूरी नहीं हुई तो करेंगे प्रदर्शन

Oct 29, 2026 - 12:22
0
आगरा लेबर कोर्ट में कांग्रेस का हंगामा:तय वेतन न मिलने पर की शिकायत,बोले-मांग पूरी नहीं हुई तो करेंगे प्रदर्शन
आगरा सदर स्थित ग्लोबल शू फैक्ट्री में मजदूरों को तय वेतन से कम सैलरी देने का मामला सामने आया है। मजदूरों का आरोप है कि श्रम विभाग के नियमानुसार उनका वेतन 26 हजार रुपये होना चाहिए, लेकिन कंपनी मात्र 12 हजार रुपये दे रही है। 12 हजार रुपये कम मिलने से मजदूरों में भारी नाराजगी है। मजदूरों ने बताया कि इसको लेकर वे पहले फैक्ट्री मालिक से मिले थे। उन्होंने मालिक से तय वेतन देने की मांग की, लेकिन मालिक ने साफ तौर पर तय वेतन देने से मना कर दिया। कहा कि लेना है तो इतने में काम करो, नहीं तो नौकरी छोड़ दो। इसके बाद मजदूरों ने इसकी शिकायत कांग्रेस महानगर अध्यक्ष अमित सिंह से की। गुरुवार को अमित सिंह के नेतृत्व में सैकड़ों मजदूर सदर माल रोड स्थित लेबर कमिश्नर ऑफिस पहुंचे। यहां उन्होंने लेबर कमिश्नर से मुलाकात कर कंपनी के खिलाफ ज्ञापन दिया। मजदूरों ने अधिकारी से मांग की कि उन्हें उनका तय वेतन दिलाया जाए। अमित सिंह ने बताया कि फैक्ट्री में करीब 300 से अधिक मजदूर काम करते हैं। सभी को तय वेतन से कम दिया जा रहा है। पीएफ, ईएसआई और ओवरटाइम का पैसा भी नहीं दिया जा रहा। श्रम कानूनों का खुलेआम उल्लंघन हो रहा है। मजदूरों की कई बार शिकायत के बाद भी विभाग ने कार्रवाई नहीं की। मजदूर रामबाबू ने बताया कि वह पिछले 3 साल से फैक्ट्री में काम कर रहा है। महंगाई के दौर में 14 हजार में परिवार चलाना मुश्किल है। साहब से कहो तो नौकरी से निकालने की धमकी देते हैं। लेबर कमिश्नर ने मजदूरों की शिकायत सुनने के बाद जांच का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि कंपनी के वेतन रजिस्टर और दस्तावेजों की जांच कराई जाएगी। अगर कंपनी दोषी पाई गई तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और मजदूरों को उनका पूरा वेतन दिलाया जाएगा। अमित सिंह ने चेतावनी दी है कि अगर एक सप्ताह में कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस मजदूरों के साथ फैक्ट्री के बाहर बड़ा आंदोलन करेगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User