कानपुर में 63 बिल्डरों ने कराया अवैध बिल्डिंगों का निर्माण:नई सड़क हिंसा का आरोपी भी शामिल, संदिग्ध अफसरों का निकाला जाएगा CDR
राधिका अपार्टमेंट में अग्निकांड के बाद पुलिस कमिश्नर की गोपनीय जांच में 63 ऐसे बिल्डरों के नाम सामने आएं हैं, जिन्होंने शहर में मानक के विपरीत बिल्डिंगों का निर्माण कराया है। इसमें तीन जून की हिंसा का फंडिंग करने वाला हाजी वसी भी शामिल है। पांच सालों में इन बिल्डरों ने सबसे ज्यादा मुस्लिम बाहुल्य इलाकों में अवैध तरीके से बिल्डिंगें खड़ी कर दी। जांच में सामने आया कि कई जगहों पर बिल्डरों ने नजूल की जमीन ही बहुमंजिला इमारतें तान दी, जिसमें स्थानीय पुलिसकर्मियों की मिलीभगत मिली है। बिल्डरों और मानक के विपरीत बनायी गई गगनचुंबी इमारतों की जांच के लिए पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल ने केडीए उपाध्यक्ष, नगर आयुक्त व डीसीपी पूर्वी को पत्र जारी कर जांच को कहा है। पुलिस कमिश्नर ने बताया कि केडीए उपाध्यक्ष के द्वारा नामित अधिकारी के नेतृत्व में जांच आगे बढ़ायी जाएगी। उन्होंने बताया कि बिल्डरों से सांठ–गांठ करने वाले अधिकारियों और पुलिसकर्मियों की भूमिका जांचने के लिए उनका कॉल डिटेल रिकॉर्ड भी खंगाला जाएगा। सोमवार तड़के राधिका अपार्टमेंट में लगी थी आग पटकापुर स्थित राधिका अपार्टमेंट में सोमवार तड़के आग लगने से राखी साहू व 16 साल के प्रांजल बाथम की मौत हो गई थी। पांच फीट की गली में 150 वर्ग मीटर जगह पर 6 मंजिला इमारत खड़ी कर दी गई थी। संकरी गली में फायर ब्रिगेड को मौके पर पहुंचने पर खासी मशक्कत का सामना करना पड़ा था, फायर फाइटर्स ने हौज पाइप की मदद की कई घंटों बाद आग पर काबू पाया था। प्रांजल के पिता अनिल बाथम की तहरीर पर पुलिस ने बिल्डर मोहित तिवारी, प्यारे खान, हिस्ट्रीशीटर मन्नू रहमान समेत पांच लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई थी। घटना के बाद पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल ने गोपनीय जांच शुरू कराई तो सामने आया कि शहर के मुलिस्म बाहुल्य इलाकों में शामिल, कर्नलगंज, बेकनगं, हीरामन का पुरवा, फातिहा बाजार, बांसमंडी, अनवरगंज, चमनगंज, कंघी मोहाल, बजरिया समेत घनी आबादी वाले तमाम इलाकों में बिल्डरों, केडीए कर्मचारियों और थाने स्तर पर पुलिसकर्मियों की सांठ–गांठ से पिछले पांच सालों में सैकड़ों इमारतें खड़ी कर दी गई है। नजूल की भूमि पर कब्जा कर बनायी बिल्डिंग जांच अधिकारियों की माने तो चार से पांच फीट की संकरी गलियों में मात्र 200 वर्ग गज जगहों पर 7 से 8 मंजिला इमारतें तानी गई। इतना ही नहीं ग्वालटोली इलाके में नजूल की भूमि पर भी मानकों के विपरीत बिल्डिंगे खड़ी की गईं। घनी आबादी वाले इलाकों में 2 से 3 मंजिला तक अवैध रूप से बेसमेंट का निर्माण किया गया। जांच में यह भी सामने आया कि मानक पूरा न होने पर बिल्डिंगे सील की गई, लेकिन कुछ समय बाद सील हटाकर पुन: निर्माण कार्य शुरू करा दिया गया। जांच में सामने आया कि कई अवासीय स्थानों पर हॉस्पिटल, गोदाम, कारखाने, क्लीनिक, जिम जैसे व्यवसायिक प्रतिष्ठान संचालित किए जा रहे है, जिस कारण से कभी भी हादसा होने की संभावना है। घनी आबादी वाले इलाकों में मानकों के विपरीत बिल्डिंगों का निर्माण कराने में 63 बिल्डरों के नाम पुलिस को मिले है, जिनमें से अधिकांश अपराधिक पृष्ठभूमि वाले हैं। अवैध तरीके से बिल्डिंगों के निर्माण में स्थानीय पुलिस की भूमिका भी संदिग्ध मिली है, जांच में सामने कि मुस्लिम इलाकों में अधिकांश बिल्डिंगों का निर्माण रात के समय हुआ। रात के समय स्थानीय पुलिस की मदद से अवैध रूप से बेसमेंट की खोदाई की गई, निर्माण सामग्री पहुंचायी गई। केडीए, नगर निगम व पुलिस की बनेगी संयुक्त टीम पुलिस कमिश्नर ने बताया कि अवैध रूप से तैयार किए गए भूखंडों और बिल्डरों की जांच के लिए केडीए उपाध्यक्ष अंकुर कौशिक, नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय व डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता को पत्र लिखा गया है। केडीए, नगर निगम और पुलिस टीम संयुक्त रूप से भूखंडों और बिल्डरों की जांच करेगी। टीम का नेतृत्व केडीए उपाध्यक्ष द्वारा नामित अधिकारी करेगा। भूखंड निर्माण में कहां से फंडिंग हुई ? जांच होगी पुलिस कमिश्नर ने बताया कि कुछ स्थानों पर नजूल की जमीन की इमारतें खड़ी करने की जानकारी सामने आयी है, इसकी जांच कराई जा रही है। इसके साथ ही भूखंडों में पार्किंग, बेसमेंट, सड़कों और फुटपाथों पर अवैध अतिक्रमण कर भूखडों का निर्माण, इमरजेंसी प्रवेश व निकासी द्वार, भूखंडों में फायर उपकरण, जमीनों के बैनामे और बिल्डिंग निर्माण में फंडिंग कहां से की गई ? बिल्डिगों में हवाला की रकम का इस्तेमाल तो नहीं किया गया ? इन सब तथ्यों की जांच की जाएगी। जांच में सामने आया कि सील होने के बावजूद भूखंडों का निर्माण किया गया, यह किसके आदेश पर हुआ? सील खोलने के आदेश किस अधिकारी द्वारा जारी किए गए ? कितने भवनों को नोटिस जारी किया गया ? शिकायत मिलने पर स्थानीय पुलिस ने क्या कार्रवाई की ? इन तथ्यों की जांच के लिए केडीए के जोनवार अधिकारियों और पुलिसकर्मियों के कॉल डिटेल रिकॉर्ड भी खंगाले जाएंगे। बिल्डरों से संलिप्तता मिलने पर अधिकारियों और पुलिसकर्मियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी। अरेस्टिंग नहीं हुई तो निलंबन तय राधिका अपार्टमेंट में आग की घटना से दो लोगों की मौत के बाद पुलिस कमिश्नर ने मामले को लेकर सख्त रुख अख्तियार किया है। पुलिस कमिश्नर ने कहा कि आरोपियों के तलाश में चार टीमें दबिशें दे रही है। आरोपियों के कोर्ट में सरेंडर करने की फिराक में है, जिसके लिए वह कुछ अधिवक्ताओं के संपर्क में लगातार हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पटकापुर चौकी इंचार्ज को सख्त हिदायत दी गई, अगर समय पर गिरफ्तारी नहीं हुई तो चौकी इंचार्ज पर कार्रवाई की जाएगी। इन बिल्डरों के नाम जांच में आए सामने शौकत पहलवान, नूरी शौकत, फतेहपुर का हिस्ट्रीशीटर एजाज उर्फ हाजी एजान, तारिक बिल्डर, शम्मू कुरैशी, परवेज अख्तर, आसिफ मनाजिर, अफजाल कुरैशी, 3 जून की हिंसा का आरोपी हाजी वसी, हुजैफा वसी, अब्दुल रहमान, नूर आलम, भैया फिरोज, शरीफ ढपाली, शकील, प्यारे खान, शुक्ला एंड संस, रईस बिल्डर, यूसुफ एंड फैजी, रौसे मलिक, मुख्तार बाबा, महफूज, महमूद, तरवेज उर्फ काली, सरफराज, इजहार, शीबू कारपेटर, मो. इमरान, मुरसलीन उर्फ भोलू, अनवार, नसीम उर्फ बंटी बिल्डर, मुन्ना चांद, अभिनव तिवारी, छोटे भैया, फैजल, सुल्तान, आशू बिल्डर, राजू, नियाज, वसीम, मजहर बिल्डर, आरिफ, अनीस कालिया, एडवोकेट विक्रांत त्रिपाठी, रिजवान उर्फ पंडित, रियासत बिल्डर, इरफान छोड़ी, रिजवान बिल्डर, जावेद टोनी, उज्जवल जैन, शेख रफीक अली, मोहित गुप्ता, चंद्रमोहन महेश्वरी, राजू गुदार, लाली पाल। बिल्डरों ने इन स्थानों पर पांच साल में तानी इमारतें पुलिस कमिश्नर ने बताया कि अवैध रूप से बिल्डिंगों का निर्माण कराने के मामले में अधिकांश बिल्डर अपराधिक पृष्ठभूमि वाले है। इन्होंने बासमंडी, हीरामन का पुरवा, कर्नलगंज, तलाक महल, चमनगंज, ग्वालटोली, बेकनगंज, प्रेमनगर, बांसमंडी, फातिहा बाजार, दलेलपुरवा, पटकापुर, कंघी मोहाल, बजरिया, नई सड़क, घुसियाना समेत अन्य घनी आबादी वाले इलाकों में अवैध तरीकों से बिल्डिंगों का निर्माण कराया गया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)