कानपुर में स्कूटी की टक्कर से घायल बुजुर्ग की मौत:घर के पास टहलने निकले थे, राहगीरों ने पहुंचाया अस्पताल
कानपुर के फीलखाना थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार स्कूटी की टक्कर से घायल 78 साल के श्यामलाल ओझा की हैलट अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। वह बुधवार शाम घर से कुछ दूरी पर टहलने निकले थे, तभी स्कूटी सवार ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी सवार युवक भी गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों घायलों को पहले नजदीकी निजी अस्पताल ले जाया गया था, जहां से हालत गंभीर होने पर हैलट अस्पताल रेफर कर दिया गया। देर रात श्यामलाल ने दम तोड़ दिया। गुरुवार सुबह पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के मुताबिक, परिजनों की तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घर से कुछ दूरी पर हुआ हादसा श्यामलाल ओझा की पत्नी पुष्पा ओझा गृहिणी हैं। परिवार काहू कोठी क्षेत्र में रहता है। श्यामलाल निजी क्षेत्र में काम करते थे। परिवार में उनकी तीन बेटियां निशा, शिप्रा और शिवि हैं। पुष्पा ओझा ने बताया कि उनके पति बुधवार शाम करीब पांच बजे रोजाना की तरह टहलने निकले थे। घर से कुछ ही दूरी पर तेज रफ्तार स्कूटी ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बुजुर्ग और स्कूटी सवार युवक दोनों सड़क पर गिर पड़े। राहगीरों ने पहुंचाया अस्पताल हादसे के बाद आसपास मौजूद लोग मदद के लिए पहुंचे। स्थानीय लोगों ने पुलिस की आपातकालीन सेवा 112 को सूचना दी और दोनों घायलों को नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने दोनों की हालत गंभीर देखते हुए हैलट अस्पताल रेफर कर दिया। स्कूटी सवार युवक का अस्पताल में इलाज चल रहा है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। आधार कार्ड से हुई बुजुर्ग की पहचान पुलिस को श्यामलाल के पास से आधार कार्ड मिला, जिसके आधार पर उनकी पहचान कर परिजनों को सूचना दी गई। उनकी मौत की खबर मिलते ही पत्नी और बेटियों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। फीलखाना थाना प्रभारी के मुताबिक, हादसे में घायल बुजुर्ग की उपचार के दौरान मौत हुई है। गुरुवार सुबह शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। परिजनों की तहरीर मिलने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)