कृषि विभाग की जांच नहीं हुई तो अनशन की चेतावनी:चित्रकूट में मक्का योजना में फर्जी भुगतान का आरोप

Oct 29, 2026 - 13:46
0
कृषि विभाग की जांच नहीं हुई तो अनशन की चेतावनी:चित्रकूट में मक्का योजना में फर्जी भुगतान का आरोप
चित्रकूट के कृषि विभाग में कथित भ्रष्टाचार और अनियमितताओं की जांच की मांग को लेकर कसहाई गांव के सौमित्र सिंह ने गुरुवार को दोपहर 12:00 बजे जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा है। उन्होंने एक सप्ताह में जांच शुरू नहीं होने पर 20 नवंबर 2026 के बाद डीएम कैंप कार्यालय परिसर में आमरण अनशन शुरू करने की चेतावनी दी है। सौमित्र सिंह ने उप कृषि निदेशक कार्यालय, जिला कृषि अधिकारी कार्यालय और भूमि संरक्षण की तीनों इकाइयों में गड़बड़ियों का आरोप लगाया है। उन्होंने वर्ष 2025-26 में आत्मा योजना और त्वरित मक्का विकास योजना के तहत भुगतान में अनियमितताओं का दावा किया। उनके मुताबिक, इस बारे में मुख्यमंत्री, कृषि विभाग के प्रमुख सचिव, निदेशक, मंडलायुक्त और जिले के अधिकारियों से कई बार शिकायत की गई, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। आत्मा योजना से जुड़े मामले की जांच संयुक्त कृषि निदेशक, चित्रकूटधाम मंडल बांदा को सौंपी गई थी। ज्ञापन में उप कृषि निदेशक कार्यालय में तीन साल से अधिक समय से एक ही पटल पर तैनात कर्मचारियों का तबादला करने की मांग की गई है। सौमित्र सिंह ने कर्वी बीज गोदाम प्रभारी को वहां से हटाकर दूसरे ब्लॉक में जिम्मेदारी देने की मांग भी की। उनका कहना है कि किसानों की शिकायतों से विभाग की छवि पर असर पड़ रहा है। ज्ञापन में भूमि संरक्षण चित्रकूट इकाई में खोदे गए आठ तालाबों की पहले हुई जांच के आधार पर करीब 1.50 लाख रुपये की वसूली का जिक्र है। सौमित्र सिंह का आरोप है कि संबंधित फाइल पर आगे कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने रकम वसूलने और तालाबों की दोबारा जांच कराने की मांग की है। उन्होंने वर्ष 2016 से अब तक तीनों भूमि संरक्षण इकाइयों में खेत तालाब योजना के तहत बने तालाबों का पूरा सत्यापन कराने की मांग भी की। साथ ही लाभार्थियों के दस्तावेजों और अनुदान भुगतान में कथित गड़बड़ियों की जांच कराने को कहा। ज्ञापन में भूमि संरक्षण कर्वी प्रथम इकाई के दिवंगत सरकारी चालक अनिल कुमार की कथित फर्जी हाजिरी, इलाज और मृत्यु से जुड़े घटनाक्रम की जांच कराने की मांग भी की गई है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User