कानपुर में थोक पटाखा बाजार में लगेंगी 79 दुकानें:फुटकर दुकानों की संख्या 1000 के पार, 50 फीसदी हुआ इजाफा
दीपावली के त्योहार को अब चंद दिन शेष है, ऐसे में कानपुर में पटाखों का बाजार लगभग तैयार हो चुका है। बिठूर में लगने वाली थोक बाजार की दुकानों में 50 फीसदी से ज्यादा इजाफा हुआ है। आंकड़ों की माने तो वर्ष 2025 में बिठूर में लगभग 34 दुकानें लगी थीं, जबकि इस बार 79 थोक दुकानें सिंहपुर गांव के दो मैदानों पर सजेंगी। वहीं शहर के 40 स्थानों पर फुटकर दुकानें लगेंगी, जिनकी संख्या लगभग एक हजार तक पहुंचेगी, हालांकि फुटकर दुकानों का आंकड़ा अब तक तय नहीं हो सका है। फुटकर की दुकानों में भी 30 फीसदी बढ़ोतरी की संभावना है। पिछली बार फुटकर की 700 दुकानें लगी थीं। जबकि इस बार एक हजार से अधिक लाइसेंस के आवेदन आ चुके हैं। कानपुर थोक पटाखा अस्थायी व्यापारी एसोसिएशन के अध्यक्ष मो. इसरार ने बताया कि सिंहपुर में लगे थोक पटाखा बाजार में इस बार बाजार में कुल 79 दुकानें लगाई गई हैं। सुरक्षा के लिए सभी दुकानों के सामने पानी से भरे दो ड्रम और बालू भरी बाल्टियां रखवाई गई हैं। इसके अलावा फायर टेंडर भी तैनात रहेगा। बाजार में अस्थायी पुलिस चौकी बनाई गई है और दुकानों के बीच निर्धारित दूरी रखी गई है। थोक पटाखा बाजार 9 नवंबर तक लगा रहेगा। कोल्डड्रिंक की बोतल जैसी पैकिंग में आया अनार इस बार दीपावली पर आसमान रंगीन रोशनी और धमाकों से जगमगाएगा। पटाखा बाजार में आई नई वैरायटी बच्चों से लेकर बड़ों तक को आकर्षित कर रही हैं। इनमें एक के बाद एक रंगीन धमाके करने वाले जानेमन से लेकर 580 शाट्स तक के पटाखे शामिल हैं। वहीं, पैराशूट राकेट और तीन रंगों में आने वाला मल्टी भी लोगों की पसंद बन रहे हैं। जानेमन पटाखा आसमान में पहुंचकर एक के बाद एक कई रंगीन धमाके करता है और खूबसूरत रोशनी की बौछार बिखेरता है। इसी तरह 12, 30, 60, 120, 240 और 580 शाट्स की वैरायटी भी बाजार में उपलब्ध है। पैराशूट राकेट आसमान में तेज रोशनी करते हुए काफी ऊंचाई तक जाता है और फिर खुल जाता है। वहीं, मल्टी नाम से आने वाला पटाखा तीन रंगों में उपलब्ध है। यह आसमान में तेज रोशनी के साथ एक के बाद एक तीन धमाके करता है। इसके अलावा सीटी वाली चकरगिन्नी जलने के साथ तेज आवाज में सीटी बजाती है। कोल्ड ड्रिंक की बोतल जैसी पैकिंग में आने वाला अनार भी आकर्षण का केंद्र है। यह पहले रोशनी बिखेरता है और फिर तेज धमाके के साथ आसमान को रोशन करता है। सीएफओ दीपक शर्मा ने बताया कि फुटकर बाजारों में 55 से अधिक फायर ब्रिगेड और 70 से अधिक बुलेट बाइक तैनात की जाएंगी, जबकि 250 फायर फाइटर्स के अलावा क्विक रिस्पांस टीम की तैनाती की जाएगी। एडिशनल पुलिस कमिश्नर संकल्प शर्मा ने बताया कि सिंहपुर में इस बार दो मैदान में थोक बाजार लगा है। जिस कारण पिछली बार की अपेक्षा इस बाद थोक दुकानों की संख्या बढ़ायी गई है। इन स्थानों पर सजेगा पटाखा बाजार कानपुर यूनियन क्लब ग्राउंड, बृजेंद्र स्वरूप पार्क, नवाबगंज आजाद पार्क, नजीराबाद कमला नेहरू पार्क, दर्शनपुरवा सेंट्रल पार्क, तिकुनिया पार्क, नौबस्ता बसंत बिहार पार्क, इंद्रा नगर बुद्धा पार्क, एस्कार्ट वर्ल्ड स्कूल के पास, कल्याणपुर लोधेश्वर मंदिर, कल्याणपुर रामलीला मैदान, बर्रा थाने के बगल में डी ब्लाॅक, दबौली दुर्गा मंदिर पार्क, केंद्रीय विद्यालय कैलवरी चौक हैलीपैड, रेल बाजार रामलीला मैदान, घाटमपुर मंडी समिति, मझावन रामलीला मैदान, रमईपुर नाले के पास, बिल्हौर बीआरडी ग्राउंड, चौबेपुर बैलाही बाजार, उत्तरीपुरा रामलीला मैदान, अरौल बाजार मैदान, गढ़ी के पास शिवराजपुर, नहर कोठी ककवन, श्यामनगर पुलिस चौकी के सामने खाली मैदान, वेलफेयर ग्राउंड जेके 1, चंदननगर सनिगंवा, कोयलानगर, आयुर्वेद संस्थान मैदान साइट नंबर एक चौराहा, शास्त्रीपार्क जूही, आवास विकास हंसपुरम नौबस्ता, रामलीला मैदान पनकी, रामलीला मैदान अर्मापुर, रामकली इकबाल बहादुर क्रिकेट मैदान, कृष्ण लीला मैदान भीतरगांव, कुरसौली नगर का पुल, मकसूदाबाद ग्राउंड, रामलीला मैदान मंधना, मेला ग्राउंड बिठूर।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)