कानपुर सेंट्रल पर बिछड़ी 12 साल की बच्ची:20 मिनट में मिली, जीआरपी ने पिता को सौंपा; बेटी को देखकर छलक उठीं आंखें
कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर सोमवार सुबह परिवार से बिछड़ी 12 वर्षीय किशोरी को जीआरपी ने महज 20 मिनट में सकुशल बरामद कर लिया। बेटी की तलाश में परेशान पिता ने जीआरपी थाने पहुंचकर मदद मांगी थी। पुलिस ने स्टेशन के अलग-अलग हिस्सों में तलाश शुरू की और किशोरी को प्लेटफॉर्म नंबर 6-7 पर ढूंढ निकाला। बेटी को सुरक्षित देखकर पिता ने राहत की सांस ली और पुलिस का आभार जताया। निजी काम से कानपुर आए थे पिता जीआरपी प्रभारी ओम नारायण सिंह के मुताबिक, कन्नौज जिले के तालग्राम थाना क्षेत्र के सिलवापुर निवासी योगेंद्र सिंह सोमवार सुबह करीब 11 बजे कानपुर सेंट्रल स्थित जीआरपी थाने पहुंचे। उन्होंने बताया कि वह निजी काम से कानपुर आए थे और वापस कन्नौज लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी करीब 12 साल की बेटी उनसे बिछड़ गई। पिता ने स्टेशन और आसपास काफी तलाश की, लेकिन बेटी का पता नहीं चला। इसके बाद उन्होंने जीआरपी से मदद मांगी। प्लेटफॉर्म, टिकट घर और वेटिंग हॉल में तलाश सूचना मिलते ही जीआरपी प्रभारी ने पुलिस टीम को किशोरी की तलाश में लगा दिया। पुलिसकर्मियों ने प्लेटफॉर्म, सर्कुलेटिंग एरिया, टिकट घर और यात्री प्रतीक्षालय समेत स्टेशन के प्रमुख स्थानों पर खोजबीन शुरू की। प्लेटफॉर्म ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने किशोरी के हुलिए के आधार पर तलाश तेज की। करीब 20 मिनट की मशक्कत के बाद वह प्लेटफॉर्म नंबर 6-7 पर अकेली मिल गई। बेटी को सुरक्षित देखकर पिता ने ली राहत की सांस जीआरपी ने किशोरी को सकुशल बरामद कर थाने पहुंचाया और उसके पिता योगेंद्र सिंह के सुपुर्द कर दिया। बेटी के सुरक्षित मिलने पर पिता ने राहत जताई और पुलिसकर्मियों की तत्परता की सराहना की। इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक ओम नारायण सिंह के साथ उपनिरीक्षक मोहित कुमार, शशिकांत सरोज और क्यूआरटी टीम के पुलिसकर्मियों की अहम भूमिका रही। जीआरपी की त्वरित कार्रवाई से परिवार को बड़ी परेशानी से राहत मिली।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)