काशी में रोपवे का 96% काम पूरा, किराया 10 रुपए:जमीन से 50 फीट ऊपर, मेट्रो जैसे स्टेशन; 16 मिनट में कैंट से बाबा विश्वनाथ पहुंचेंगे

Oct 31, 2026 - 05:56
0
काशी में रोपवे का 96% काम पूरा, किराया 10 रुपए:जमीन से 50 फीट ऊपर, मेट्रो जैसे स्टेशन; 16 मिनट में कैंट से बाबा विश्वनाथ पहुंचेंगे
काशी में देश के पहले अर्बन रोपवे से सफर जल्द ही शुरू होगा। निर्माण काम 96% पूरा हो गया है। कैंट से गोदौलिया के बीच 3.85 किलोमीटर लंबे इस रूट पर 5 स्टेशन बनाए गए हैं। कैंट से गोदौलिया तक का सफर महज 16 मिनट में पूरा होगा। अभी तक ऑटो से करीब 7 किमी की ये दूरी 30 से 40 मिनट में तय होती है। रोपवे का एक AC गंडोला (केबिन) दो मिनट के अंतराल पर स्टेशन पहुंचेगा। हर गंडोला में 10 लोग बैठ सकेंगे। रोपवे शुरू होने से काशी विश्वनाथ मंदिर और गंगा घाट जाने वाले श्रद्धालुओं को जाम से बड़ी राहत मिलेगी। दैनिक भास्कर रिपोर्टर ने ट्रायल के दौरान रोपवे में सफर कर इसकी तकनीक, सुरक्षा व्यवस्था और यात्रियों को मिलने वाली सुविधाओं को करीब से देखा। आगे पढ़िए… पांच स्टेशनों से जुड़ेगा शहर, ऊपर से दिखेगी काशी रोपवे में कैंट, काशी विद्यापीठ, रथयात्रा, गिरिजाघर और गोदौलिया 5 स्टेशन बने हैं। इन स्टेशनों को आधुनिक सुविधाओं के साथ काशी की सांस्कृतिक पहचान के अनुसार संवारा गया है। डिजाइन में गंगा, घाट और भगवान शिव की झलक दिखाई गई है। डमरू और त्रिशूल जैसी आकृतियां भी बनाई जा रही हैं। सफर में पर्यटकों और स्थानीय लोगों को ऊपर से काशी के नजारे देखने का मौका मिलेगा। 50 रुपए में पूरा सफर, हर एक स्टेशन का किराया 10 रुपए रोपवे रोजाना सुबह 6 से रात 10 बजे तक लगभग 16 घंटे चलेगा। रोपवे का किराया आम यात्रियों की जेब के हिसाब से प्रस्तावित किया गया है। कैंट से गोदौलिया तक पूरे रूट का किराया 50 रुपए होगा। वहीं, एक स्टेशन से दूसरे स्टेशन तक जाने के लिए 10 रुपए देने होंगे। यात्री अपनी जरूरत के अनुसार, बीच के किसी भी स्टेशन पर उतर सकेंगे। एक गंडोले में एक बार में 10 यात्रियों के बैठने की व्यवस्था है। पूरे रूट पर स्विट्जरलैंड की कंपनी बार्थोलेत के 153 गंडोले लगाए जा रहे हैं। रोपवे की खासियत है कि यात्रियों को गंडोले के लिए ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। हर 120 सेकेंड यानी 2 मिनट में एक गंडोला स्टेशन पर पहुंचेगा। मेट्रो जैसी एंट्री, पहले होगी सामान की जांच स्टेशन में प्रवेश करते ही यात्रियों के सामान की जांच होगी। इसके बाद टिकट लेना होगा। मेट्रो की तरह टिकट स्कैन करने के बाद ही प्लेटफॉर्म तक पहुंच सकेंगे। स्टेशन के अंदर बड़ा हॉल बनाया गया है। भीड़ अधिक होने पर यात्री यहां कुछ देर इंतजार कर सकेंगे। पूरी व्यवस्था इस तरह तैयार की गई है कि यात्रियों की आवाजाही नियंत्रित रहे और प्लेटफॉर्म पर अनावश्यक भीड़ न लगे। कैंट रेलवे स्टेशन से सटे रोपवे स्टेशन को यात्रियों की सुविधा के हिसाब से तैयार किया गया है। कैंट रोपवे स्टेशन 2 फ्लोर का बनाया गया है। ग्राउंड फ्लोर पर चेकिंग होगी। पहले फ्लोर पर टिकट और वेटिंग हॉल, फिर दूसरे फ्लोर पर गंडोला आएगा। इसमें बैठकर एक स्टेशन से दूसरे स्टेशन तक का सफर कर सकते हैं। 21-22 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेगा गंडोला रोपवे में मोनोकेबल डिटैचेबल गंडोला सिस्टम लगाया गया है। इसकी अधिकतम गति 6 मीटर प्रति सेकेंड यानी करीब 21-22 किलोमीटर प्रति घंटे होगी। स्टेशन पहुंचने पर गंडोला मुख्य केबल से अलग हो जाता है। उसकी रफ्तार घटकर करीब 0.2 मीटर प्रति सेकंड रह जाती है। स्टेशन के अंदर यह प्रक्रिया करीब 45 सेकंड में पूरी होती है। इससे यात्री आसानी से गंडोले में चढ़ और उतर सकते हैं। स्टेशन से बाहर निकलते ही गंडोला दोबारा मुख्य केबल से जुड़कर सामान्य रफ्तार से चलने लगता है। बिजली जाने पर भी बीच रास्ते में नहीं फंसेंगे यात्री रोपवे की सुरक्षा व्यवस्था में बैकअप सिस्टम भी लगाया गया है। बिजली जाने या ड्राइव सिस्टम में खराबी आने की स्थिति में बैकअप सिस्टम सक्रिय हो जाएगा। इससे गंडोले को नजदीकी स्टेशन तक पहुंचाया जा सकेगा। अचानक बीच रास्ते में यात्रियों के फंसने की आशंका को कम करने के लिए यह व्यवस्था की गई है। सभी टावरों पर एनीमोमीटर लगाए गए हैं, जो हवा की गति पर नजर रखेंगे। हवा की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे से ज्यादा होने पर सिस्टम अपने आप बंद हो जाएगा। यात्रियों को बीच रास्ते हवा में झटके न लगें, इसकी भी सुविधा की गई है। गंडोले का दरवाजा अंदर से नहीं खुलेगा, हेल्पलाइन भी मिलेगी हर गंडोले पर अलग नंबर लिखा होगा। किसी परेशानी की स्थिति में यात्री हेल्पलाइन के जरिए सीधे कंट्रोल रूम से संपर्क कर सकेंगे। बता सकेंगे कि किस गंडोला नंबर में आपको दिक्कत है। गंडोले के दरवाजे अंदर से नहीं खुलेंगे, ताकि आपात स्थिति में यात्री सुरक्षा नियमों का उल्लंघन न करें। टीम व्यवस्थित तरीके से रेस्क्यू कर सके। रोपवे की रेस्क्यू टीम को स्विट्जरलैंड में ट्रेनिंग दी गई है। राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की टीम भी हाल ही में इसका निरीक्षण कर चुकी है। स्विट्जरलैंड के विशेषज्ञों की टीम सुरक्षा व्यवस्था की जांच कर रही रोपवे निर्माण से जुड़ी कंपनी की प्रमुख पूजा मिश्रा ने बताया- यात्रियों की सुरक्षा के लिए कई स्तरों पर इंतजाम किए गए हैं। हर स्टेशन और गंडोले की अलग-अलग मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) के अनुसार जांच की जाती है। स्विट्जरलैंड से आई विशेषज्ञों की टीम तकनीकी और सुरक्षा व्यवस्था की जांच कर रही है। सुरक्षा सलाहकार भी तैनात किए गए हैं। भीड़ संभालने के लिए सुरक्षा टीम रहेगी तैनात रोपवे शुरू होने के बाद यात्रियों की भीड़ संभालना भी अहम होगा। इसके लिए स्टेट सिक्योरिटी फोर्स के जवानों के साथ निजी सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की योजना है। संचालन में लगी प्रशिक्षित टीम यात्रियों की आवाजाही और सुरक्षा से जुड़े नियमों का पालन कराएगी। पांचों स्टेशनों पर प्रवेश, निकास और गंडोलों में चढ़ने-उतरने की व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। गोदौलिया स्टेशन पर काम पूरा होना बाकी करीब 807 करोड़ रुपए की इस परियोजना का 96 फीसदी से अधिक काम पूरा हो चुका है। सेक्शन-वन पूरी तरह तैयार है। सेक्शन-टू में गिरिजाघर स्टेशन बन चुका है, जबकि गोदौलिया स्टेशन पर यात्रियों के चढ़ने और उतरने की व्यवस्था का काम अंतिम चरण में है। कुछ दिनों में इसे भी पूरा करने का लक्ष्य है। फिलहाल स्विट्जरलैंड से आई विशेषज्ञों की टीम तकनीकी जांच कर रही है। ऑटोमेशन और स्काडा सिस्टम की जांच भी बाकी है, जिसकी जांच अंतरराष्ट्रीय स्तर की कंपनी कर रही है। ----------------------------- ये खबर भी पढ़िए- सील अस्पताल खोलने के लिए डॉक्टर ने मांगे 3 लाख: मालिक बनकर CMO ऑफिस पहुंचा रिपोर्टर; यूपी में खुफिया कैमरे में डील गलत इलाज से मरीज की मौत हो जाती है… अस्पताल में रेप और मर्डर भी हो जाते हैं। स्वास्थ्य विभाग के अफसर इनको सील कर देते हैं। लेकिन, कुछ दिनों बाद पैसे लेकर ये ‘दागदार’ अस्पताल नए नाम से फिर शुरू हो जाते हैं। ऐसा करके स्वास्थ्य विभाग के अफसर मरीजों की जिंदगी का सौदा कर रहे हैं। दैनिक भास्कर की टीम ने इस खेल को एक्सपोज करने के लिए उत्तर प्रदेश के लखनऊ, कानपुर और उन्नाव में इनवेस्टिगेशन किया। पढ़ें पूरी खबर...

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User