काशी में सजा आस्था और स्वाद का महाकुंभ:1000 क्विंटल मिठाई से सजे देवालय; मां अन्नपूर्णा को 511 क्विंटल पकवानों का भोग
काशी में त्योहार खत्म नहीं होते, यहां हर दिन उत्सव और हर उत्सव में आस्था का अनूठा रंग दिखाई देता है। दीपावली के अगले दिन मंगलवार को अन्नकूट महोत्सव पर काशी के मंदिरों में भक्ति, मिठास और पकवानों का ऐसा नजारा दिखा कि हर कोई देखता रह गया। कहीं हजारों किलो लड्डुओं से मंदिर का स्वरूप तैयार किया गया तो कहीं मिठाइयों की दीवार सजाई गई। रोटी-सब्जी से लेकर पूड़ी-कचौड़ी और 56 प्रकार के पकवानों तक का भोग देवी-देवताओं को अर्पित किया गया। काशी के मंदिरों में करीब 1000 क्विंटल मिठाइयों और पकवानों से अन्नकूट का भव्य आयोजन हुआ। इस महोत्सव का सबसे बड़ा आकर्षण मां अन्नपूर्णा का दरबार रहा। यहां माता को 511 क्विंटल यानी 51 हजार 100 किलो व्यंजनों का भोग लगाया गया। इतना ही नहीं, मां के दरबार में लड्डुओं से सजी विशाल दीवार श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी। अकेले इस दीवार को सजाने में 21 क्विंटल लड्डुओं का इस्तेमाल किया गया, जबकि मंदिर में अन्य सजावट के लिए करीब पांच क्विंटल लड्डू लगाए गए। कहीं 21 तो कहीं 100 क्विंटल का भोग अन्नकूट पर काशी के प्रमुख मंदिरों में पकवानों की भव्य सजावट की गई। दुर्गा मंदिर में 100 क्विंटल, काशी विश्वनाथ मंदिर में 21 क्विंटल, राम मंदिर और गोपाल मंदिर में 51-51 क्विंटल तथा कालभैरव, बटुक भैरव और श्रीकृष्ण मंदिर में 21-21 क्विंटल का भोग अर्पित किया गया। श्रीकाशी विश्वनाथ धाम में करीब आठ क्विंटल लड्डुओं से मंदिर का स्वरूप तैयार किया गया। लड्डुओं से बने मंदिर में देव विग्रहों को विराजमान कर भक्तों ने सुख-समृद्धि की कामना की। धर्मसंघ स्थित मणिमंदिर में भी अन्नकूट महोत्सव की भव्यता देखते ही बनी। यहां पांच हजार घरों से तैयार होकर आए भोग को भगवान के चरणों में अर्पित किया गया। इसके साथ ही मंदिर में 101 क्विंटल का छप्पन भोग सजाया गया। इस आयोजन में घर-घर की भागीदारी ने अन्नकूट को सामूहिक आस्था और समर्पण का पर्व बना दिया। 56 पकवानों से सजा भगवान का दरबार अन्नकूट महोत्सव पर 56 प्रकार के पकवानों का भोग लगाने की परंपरा है। इसमें मिठाइयों के साथ नमकीन व्यंजन, सब्जियां, पूड़ी, कचौड़ी और अन्य पकवान शामिल होते हैं। काशी में इस परंपरा का रंग कुछ अलग ही नजर आता है। यहां मोदक और लड्डुओं से मंदिरों के गर्भगृह से लेकर शिखर तक सजाए जाते हैं। मान्यता है कि अन्नकूट के दिन भगवान को छप्पन भोग अर्पित करने से वे प्रसन्न होते हैं और भक्तों को पूरे वर्ष सुख, शांति और समृद्धि का आशीर्वाद देते हैं। जब महादेव ने मां अन्नपूर्णा से मांगी थी भिक्षा काशी में अन्नकूट पर्व का धार्मिक महत्व भी बेहद खास है। मान्यता है कि भगवान शिव जब काशी में आए तो उन्होंने माता अन्नपूर्णा से भिक्षा मांगी थी। माता ने उन्हें भिक्षा देकर न केवल उनका, बल्कि समस्त काशीवासियों का पेट भरने का आशीर्वाद दिया। मां अन्नपूर्णा ने महादेव को वरदान दिया था कि उनकी नगरी काशी में कोई भूखा नहीं सोएगा। इसी मान्यता के चलते अन्नपूर्णा मंदिर में अन्न और पकवानों का इतना विशाल भोग लगाया जाता है। भक्त मानते हैं कि मां की कृपा से काशी में अन्न और धन-धान्य की कमी नहीं होती।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)