कौन-सी इंक्वायरी में आरटीजीएस मांगा जाता है, मैं समझ गया:आतंकियों से कनेक्शन बताकर मशहूर हकीम को किया 17 घंटे डिजिटल अरेस्ट

Nov 22, 2026 - 06:17
0
कौन-सी इंक्वायरी में आरटीजीएस मांगा जाता है, मैं समझ गया:आतंकियों से कनेक्शन बताकर मशहूर हकीम को किया 17 घंटे डिजिटल अरेस्ट
कौन-सी इंक्वायरी में आरटीजीएस (RTGS) मांगा जाता है? जैसे ही उन्होंने बैंक जाकर पैसे भेजने की बात कही, मैं उसी वक्त समझ गया कि यह सब फर्जी है। यह कहना है बरेली के मशहूर हकीम खुर्शीद मुराद सिद्दीकी का, जिनके पास देश-दुनिया से मरीज इलाज के लिए आते हैं। साइबर ठगों ने खुद को एटीएस (ATS) और एनआईए (NIA) का अधिकारी बताकर उन्हें 17 घंटे 'डिजिटल अरेस्ट' रखा, लेकिन उनकी सतर्कता ने उनके बैंक खाते को खाली होने से बचा लिया। फर्जी वारंट-ढाई करोड़ के लेन-देन का दिखाया डर घटना की शुरुआत गुरुवार रात करीब 8 बजे हुई, जब हकीम खुर्शीद के पास एक महिला का फोन आया। उसने खुद को इंस्पेक्टर बताते हुए एटीएस अधिकारियों से बात कराई। ठगों ने दावा किया कि उनके खिलाफ अरेस्ट वारंट जारी हुआ है, क्योंकि हुगली (बंगाल) में उनके आधार कार्ड से खुले एक खाते से आतंकियों को ढाई करोड़ रुपये भेजे गए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि पकड़े गए आतंकियों से उनके नाम का खुलासा हुआ है। वीडियो कॉल पर वर्दी पहने एक शख्स भी दिखा, जिसके पीछे एनआईए का पोस्टर लगा था। हालांकि, उसकी भाषा और हावभाव से हकीम साहब को कुछ संदेह जरूर हुआ, लेकिन वरिष्ठ नागरिक होने का हवाला देकर ठगों ने उन्हें "अंडर ऑब्जर्वेशन" रखने की बात कही और किसी को कुछ न बताने की सख्त हिदायत दी। तबीयत खराब होने का बहाना बनाकर परिवार को रखा दूर ठगों की धमकी के कारण हकीम खुर्शीद ने रात भर किसी को कुछ नहीं बताया। जब उनके बेटे डॉ. डॉ अमीद मुराद और पोते युसुफ ने कमरे का दरवाजा खटखटाया, तो उन्होंने सर्वाइकल और चक्कर आने का बहाना बनाकर उन्हें अंदर आने से रोक दिया। परिवार को लगा कि ठंड और बढ़े हुए ब्लड प्रेशर की वजह से उनकी तबीयत नासाज है, इसलिए बेटे ने एहतियातन गार्ड और ड्राइवर को कमरे के बाहर ही सोने को कहा। पूरी रात ठग उनसे फोन पर जुड़े रहे और सुबह दोबारा कॉल कर खातों में जमा रकम का 'मिलान' करने के बहाने नेट बैंकिंग और चेकबुक की जानकारी मांगने लगे। आरटीजीएस की मांग ने खोली पोल, सीधे पहुंचे क्राइम ब्रांच सुबह जब ठगों ने बैंक जाकर आरटीजीएस करने और चेकबुक की फोटो भेजने का दबाव बनाया, तो हकीम खुर्शीद का शक यकीन में बदल गया। उन्होंने बहाना बनाया कि चेकबुक उनके मैनेजर अकरम के पास क्लीनिक में है। ठगों ने उन्हें फोन चालू रखकर बैंक जाने को कहा, लेकिन हकीम साहब ने चतुराई दिखाते हुए मैनेजर अकरम को बुलाया और बैंक जाने के बजाय सीधे एसएसपी कार्यालय और साइबर क्राइम ब्रांच पहुंच गए। पुलिस की चेतावनी पर भड़के ठग, दिल्ली में मिली लोकेशन हकीम खुर्शीद की शिकायत पर साइबर क्राइम थाने में केस दर्ज कर जांच शुरू की गई है। साइबर थाना प्रभारी धनंजय पांडेय के मुताबिक, पुलिस ने आरोपियों से फोन पर बात कर उन्हें कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी थी। इस पर आरोपियों ने अभद्रता की और कॉल काट दी। इसके बाद भी उन्होंने हकीम खुर्शीद को दोबारा फोन कर धमकाने की कोशिश की। पुलिस आरोपियों तक पहुंचने के लिए कॉल से जुड़े तकनीकी सबूत जुटा रही है। शुरुआती जांच में आरोपियों की लोकेशन दिल्ली में सामने आई है, जिसके बाद दिल्ली पुलिस की मदद लेने की तैयारी है। बरेली में पहले भी हो चुकी है ऐसी कोशिश डिजिटल अरेस्ट के नाम पर डराकर रुपये ऐंठने की कोशिश का बरेली में यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले फतेहगंज पूर्वी इलाके में साइबर ठगों ने एक सेवानिवृत्त दरोगा और उनके बेटे को निशाना बनाने की कोशिश की थी। आरोपियों ने जांच एजेंसी का अधिकारी बनकर उन्हें डराया था, लेकिन समय रहते पुलिस से संपर्क करने के कारण वे ठगी से बच गए थे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User