कुलपति पर FIR तक नहीं होगा अंतिम संस्कार:बरेली में किसान के सुसाइड के बाद 40 घंटे बीते, केस दर्ज नहीं; 5 थानों की फोर्स तैनात

Nov 22, 2026 - 06:17
0
कुलपति पर FIR तक नहीं होगा अंतिम संस्कार:बरेली में किसान के सुसाइड के बाद 40 घंटे बीते, केस दर्ज नहीं; 5 थानों की फोर्स तैनात
बरेली के बहेड़ी में जमीन विवाद से आहत होकर सुसाइड करने वाले किसान सरदार भगवान सिंह के मामले में तनाव बढ़ता जा रहा है। घटना के 40 घंटे से अधिक समय बीतने के बावजूद पुलिस ने अब तक मुकदमा दर्ज नहीं किया है। इससे नाराज परिजनों ने शनिवार को शव का अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया। परिवार की दो टूक मांग है कि पहले आरोपी गोरखपुर यूनिवर्सिटी (DDU) के कुलपति प्रो. केपी सिंह समेत अन्य आरोपियों पर FIR दर्ज हो और जमीन वापस उनके नाम की जाए, तभी अंतिम संस्कार किया जाएगा। मामले की गंभीरता को देखते हुए किसान संगठनों ने बहेड़ी में डेरा डालना शुरू कर दिया है और प्रशासन के खिलाफ आर-पार की लड़ाई का ऐलान किया है। एहतियात के तौर पर पूरे पचपेड़ा गांव को छावनी में तब्दील कर दिया गया है, जहां 5 थानों की पुलिस फोर्स तैनात है। बेटे ने सीएम योगी से लगाई न्याय की गुहार मृतक किसान के वकील बेटे भाग सिंह ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। भाग सिंह ने कहा— "जिन लोगों की प्रताड़ना और धोखाधड़ी की वजह से मेरे पिता की जान गई है, उन पर सख्त से सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से हमारी गुहार है कि हमें न्याय दिलाया जाए।" एसपी उत्तरी संतोष सिंह का वर्जन: बोले- शिकायतों की जांच होगी, तहरीर पर लेंगे एक्शन अधिकारियों की कार्यप्रणाली और अब तक FIR न होने पर उठ रहे सवालों के बीच एसपी उत्तरी संतोष सिंह ने पुलिस का पक्ष साफ किया है। एसपी ने कहा कि पीड़ित पक्ष द्वारा लगातार अधिकारियों के चक्कर लगाने की बात पहले उनके संज्ञान में नहीं आई थी। पूरा मामला कोर्ट में विचाराधीन था और कोर्ट के निर्णय के आधार पर ही प्रक्रिया चल रही थी। डीएम, एसएसपी, मुख्यमंत्री और राज्यपाल तक शिकायत करने के सवाल पर एसपी ने कहा कि यह जानकारी अब सामने आई है, जिसकी जांच कर पता लगाया जाएगा। कुलपति समेत अन्य आरोपियों पर केस दर्ज करने के सवाल पर एसपी ने कहा कि पहले यह देखा जाएगा कि किन कारणों से और किस पर आरोप लगाए जा रहे हैं। उन्होंने कार्रवाई का भरोसा देते हुए कहा कि परिजनों से बातचीत की जाएगी और उनकी तहरीर व इच्छा के अनुसार आगे की विधिक कार्रवाई होगी। किसान संगठनों द्वारा आंदोलन की चेतावनी दिए जाने की बात को एसपी ने सोशल मीडिया के माध्यम से संज्ञान में आने की बात स्वीकार की है। फ्लैशबैक: 3 पेज के सुसाइड नोट में खोले थे राज शुक्रवार को उत्तराखंड के बाजपुर जाते समय 55 वर्षीय किसान सरदार भगवान सिंह ने जहर खाकर जान दे दी थी। मौत से पहले लिखे 3 पेज के सुसाइड नोट में उन्होंने DDU गोरखपुर के वीसी (और रुहेलखंड यूनिवर्सिटी के पूर्व वीसी) प्रो. केपी सिंह पर धोखे से उनकी 12 एकड़ जमीन अपनी पत्नी व रिश्तेदारों के नाम बैनामा कराने का आरोप लगाया था। इसके अलावा सुसाइड नोट में अंकित, अरुण कुमार, रतन, श्रीवास्तव और बहेड़ी के पूर्व नायब तहसीलदार शोभित चौधरी व सीओ पर भी प्रताड़ित करने और 10 लाख रुपए मांगने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User