खेल मैदान में दिखा संत फिदेलिस के विद्यार्थियों का दमखम:अलीगढ़ में SSP ने बढ़ाया उत्साह, वार्षिक खेल दिवस पर खेल प्रतियोगिताएं हुईं
खेड़ा खुश खबर स्थित संत फिदेलिस सीनियर सेकेंडरी स्कूल में मंगलवार को वार्षिक खेल दिवस उत्साह और खेल भावना के साथ मनाया गया। मैदान में विद्यार्थियों ने अपनी खेल प्रतिभा, अनुशासन और टीम भावना का प्रदर्शन किया। किसी ने अपनी रफ्तार से प्रभावित किया तो किसी ने खेल कौशल और तालमेल से अपनी प्रतिभा दिखाई। समारोह में मुख्य अतिथि एसएसपी नीरज जादौन ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया और उनका उत्साह बढ़ाया। कार्यक्रम की अध्यक्षता आर्चबिशप डॉ. राफी मंजली ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में वैज्ञानिक देवेंद्र सिंह, पैरा एथलीट श्रेयांश त्रिवेदी, सलमान शाहिद और विद्यालय के मैनेजर फादर डॉ. रॉबर्ट वर्गीस मौजूद रहे। प्रधानाचार्य फादर सेबेस्टियन कोलीथानम और हेडमिस्ट्रेस सिस्टर सुवर्णा मुस्कू ने अतिथियों का स्वागत किया। स्वागत गान और मार्च पास्ट से शुरुआत समारोह का शुभारंभ विद्यार्थियों के स्वागत गान से हुआ। इसके बाद आकर्षक मार्च पास्ट के जरिए विद्यार्थियों ने अनुशासन, एकजुटता और टीम भावना का परिचय दिया। विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया। प्रतियोगिताओं में उनके प्रदर्शन और खेल भावना ने उपस्थित अतिथियों, शिक्षकों और अभिभावकों का ध्यान खींचा। खेलों से बनता है आत्मविश्वास और अनुशासन एसएसपी नीरज जादौन ने विद्यार्थियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि खेलों में भागीदारी बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास के साथ उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित करती है। उन्होंने पुरस्कार पाने वाले विद्यार्थियों को बधाई दी और भविष्य में भी इसी तरह मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। अन्य अतिथियों ने भी खेलों को शिक्षा का महत्वपूर्ण हिस्सा बताते हुए विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। सर्वधर्म संसद के पदाधिकारी भी रहे मौजूद समारोह में भारतीय सर्वधर्म संसद के राष्ट्रीय संयोजक गुरुजी गोस्वामी सुशील जी महाराज, मौलाना मोहम्मद शाहीन कासमी, स्वामी वीर सिंह हितकारी जी महाराज और सरदार सुरजीत सिंह आजाद सहित विभिन्न धर्मों के गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं और कर्मचारियों का विशेष योगदान रहा। अंत में राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)