कृष्ण कुमार यादव फिर बने अम्बेडकरनगर कांग्रेस जिलाध्यक्ष:संगठन सृजन अभियान के तहत मिली जिम्मेदारी; 2010 में शुरू किया था राजनीतिक सफर
अम्बेडकरनगर में कांग्रेस पार्टी ने संगठन सृजन अभियान के तहत एक बार फिर कृष्ण कुमार यादव पर भरोसा जताते हुए उन्हें जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है। दोबारा जिलाध्यक्ष बनाए जाने के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह है। किसान परिवार से आने वाले कृष्ण कुमार यादव का राजनीतिक सफर युवा कांग्रेस से शुरू होकर जिला संगठन की कमान तक पहुंचा है। उनके राजनीतिक जीवन में पिता की विरासत और उनकी हत्या के बाद लिया गया राजनीतिक संकल्प भी अहम पड़ाव रहा है।
महरुआ क्षेत्र के बरामदपुर जरियारी निवासी कृष्ण कुमार यादव को पहली बार 22 मार्च 2025 को कांग्रेस जिलाध्यक्ष बनाया गया था। उनके पिता स्व. हनुमान प्रसाद यादव भी कांग्रेस से जुड़े रहे। उन्होंने ब्लॉक स्तर से राजनीति की शुरुआत की थी और अयोध्या जिले में जिला उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाली थी। पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की हत्या के बाद वह अयोध्या से मिट्टी और जल लेकर तमिलनाडु तक पदयात्रा पर निकले थे। हालांकि, 23 मई 2005 को उनकी हत्या कर दी गई।
पिता की हत्या के बाद कृष्ण कुमार यादव ने राजनीति में कदम रखा। वर्ष 2010 में कटेहरी विधानसभा क्षेत्र से युवा कांग्रेस अध्यक्ष बनकर उन्होंने अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत की। इसके बाद वर्ष 2013 में युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष बने। वर्ष 2014 में मंत्रालय में सदस्य की जिम्मेदारी संभाली, जबकि वर्ष 2016 में युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव बनाए गए। संगठन में सक्रिय भूमिका निभाने के क्रम में वर्ष 2023 में उन्हें प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) का सदस्य बनाया गया।
करीब डेढ़ वर्ष पहले जिला संगठन की कमान संभालने के बाद अब पार्टी ने उन्हें दोबारा यह जिम्मेदारी सौंपी है। ऐसे में उनके सामने जिले में कांग्रेस संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और आगामी राजनीतिक चुनौतियों के बीच पार्टी की सांगठनिक गतिविधियों को गति देने की जिम्मेदारी होगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)