कुर्सियों के विवाद में ट्रक में आग लगाने का आरोप:सहारनपुर में व्यापारी और चालक को जिंदा जलाने की कोशिश, मामले में दो आरोपी गिरफ्तार

Nov 16, 2026 - 20:59
0
कुर्सियों के विवाद में ट्रक में आग लगाने का आरोप:सहारनपुर में व्यापारी और चालक को जिंदा जलाने की कोशिश, मामले में दो आरोपी गिरफ्तार
सहारनपुर में गागलहेड़ी क्षेत्र में 9 नवंबर की शाम लकड़ी की कुर्सियों से लदे ट्रक में लगी आग के मामले में नया मोड़ आ गया है। ट्रक में आग लगने की घटना को अब पुलिस ने हत्या के प्रयास और धोखाधड़ी से जोड़ते हुए कार्रवाई की है। पीड़ित की शिकायत पर दर्ज मुकदमे में थाना मंडी पुलिस ने दो वांछित आरोपियों को सोमवार शाम 5 बजे अरेस्ट किया है। आरोप है कि कुर्सियों का ऑर्डर लेकर पूरे पैसे वसूलने के बाद खराब सामान भेजा गया और विरोध करने पर ट्रक में जानबूझकर आग लगा दी गई। घटना 9 नवंबर 2026 की है। गागलहेड़ी थाना क्षेत्र के कैलाशपुर गांव में लक्ष्मी चाट भंडार के पास पेट्रोल पंप के नजदीक लकड़ी की कुर्सियों से लदे ट्रक में अचानक आग लग गई थी। ट्रक सड़क पर दौड़ रहा था, तभी पिछले हिस्से से धुआं उठने लगा। आसपास के लोगों ने चालक को आवाज देकर आगाह किया। इसके बाद चालक ने ट्रक रोककर नीचे छलांग लगा दी और अपनी जान बचाई। आग ने कुछ ही मिनटों में पूरे ट्रक को चपेट में ले लिया। दमकल टीम ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाई, लेकिन तब तक ट्रक और उसमें रखी कुर्सियां जलकर राख हो चुकी थीं। ट्रक में लकड़ी की कुर्सियां लदी थीं, जिन्हें खाताखेड़ी से हरियाणा के पानीपत ले जाया जा रहा था। सामान पानीपत निवासी वीरेंद्र का बताया गया था। घटना के बाद पीड़ित वीरेंद्र पुत्र नन्हा राम निवासी आट्टा, थाना शंभालका, पानीपत (हरियाणा) ने पुलिस को लिखित शिकायत दी। शिकायत के आधार पर थाना मंडी में छह आरोपियों राकीन, नफी, इमरान उर्फ पप्पू, शमीम अहमद, कबीर और उस्मान के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। आरोप है कि आपराधिक षड्यंत्र और धोखाधड़ी के तहत खराब कुर्सियां भेजने के बाद ट्रक चालक और पीड़ित को जान से मारने की नीयत से वाहन में आग लगाई गई। दोनों ने शीशे तोड़कर बाहर निकलते हुए जान बचाई। एसएसपी के निर्देश पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सोमवार को गोल कोठी के पास से इमरान उर्फ पप्पू निवासी फैसल टाउन खाताखेड़ी और उस्मान निवासी पीर वाली गली, कमेला कॉलोनी को अरेस्ट कर लिया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User