लखीमपुर में कंटेनर की टक्कर से मां-बेटी की मौत:पति और एक बच्चा घायल, पुलिस ने कंटेनर पकड़ा
लखीमपुर खीरी के पसगवां कोतवाली क्षेत्र में नेशनल हाईवे-30 पर मंगलवार शाम तेज रफ्तार कंटेनर ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में 24 वर्षीय रोली और उनकी सात साल की बेटी नित्या की मौत हो गई, जबकि रोली के पति प्रकाश और बाइक पर सवार एक अन्य बच्चा घायल हो गए। हादसे के बाद कंटेनर चालक वाहन लेकर फरार हो गया। हादसा शाम करीब छह बजे जंगबहादुरगंज बाईपास के पूर्वी छोर पर ग्राम उदयपुर के पास हुआ। हरदोई जिले के पिहानी थाना क्षेत्र के अकेलापुरवा गांव निवासी प्रकाश अपनी पत्नी रोली, बेटी नित्या और एक अन्य बच्चे के साथ मोहम्मदी थाना क्षेत्र के पचतौर जा रहे थे। उदयपुर पुल के पास तेज रफ्तार कंटेनर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से सभी बाइक सवार सड़क पर गिरकर घायल हो गए। अस्पताल में मां-बेटी ने तोड़ा दम स्थानीय लोगों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पसगवां ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने नित्या को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल रोली ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। प्रकाश की कमर में गंभीर चोट आई है और उनका इलाज चल रहा है। एक अन्य बाइक को भी मारी थी टक्कर बताया जा रहा है कि इसी कंटेनर ने घटनास्थल से कुछ दूरी पहले एक अन्य बाइक को भी टक्कर मारी थी। उस बाइक पर सवार महिला घायल हो गई थी। पुलिस फरार कंटेनर और उसके चालक की तलाश कर रही है। एसएचओ जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि शिकायत मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)