कल्याणपुर में कार की टक्कर से युवती गंभीर घायल:परिजनों का आरोप- पुलिस ने पकड़े गए दोनों युवकों को छोड़ा, भाई ने मुख्यमंत्री से न्याय मांगा
कानपुर के कल्याणपुर में सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल युवती अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही है। परिवार की दीपावली अस्पताल में बीती, लेकिन हादसे को लेकर पुलिस की कार्रवाई पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। परिजनों का आरोप है कि जिस कार ने बाइक में टक्कर मारी थी, उसमें सवार दोनों युवकों को पुलिस ने पकड़ने के बाद छोड़ दिया। कार की तलाशी में शराब की बोतल और सिगरेट मिलने का भी दावा किया गया है। हालांकि, पुलिस ने इन आरोपों को गलत बताते हुए कार से केवल बीयर की खाली कैन मिलने की बात कही है। रामा डेंटल के पास कार ने बाइक में मारी टक्कर मकड़ीखेड़ा के अग्निहोत्री नगर, झंडा चौराहा निवासी अमन तिवारी ने कल्याणपुर थाने में दी तहरीर में बताया कि छह नवंबर की रात करीब 10 बजे वह अपनी बहन अंजली तिवारी के साथ बाइक से कल्याणपुर की ओर जा रहे थे। रामा डेंटल से कल्याणपुर जाने वाले रास्ते पर पीछे से तेज रफ्तार और लापरवाही से आई कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में अंजली सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। अमन के मुताबिक, कार चालक नशे की हालत में था। होश आने पर वह अपनी घायल बहन को लखनपुर स्थित ट्रामा सेंटर ले गए। बाद में अंजली को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। पकड़े गए युवकों को छोड़ने का परिजनों ने लगाया आरोप परिजनों का आरोप है कि हादसे के बाद पुलिस ने कार सवार दोनों युवकों को पकड़ लिया था। कार की तलाशी में शराब की बोतल और सिगरेट भी मिली थीं। इसके बावजूद पुलिस ने दोनों युवकों को छोड़ दिया। परिजनों ने कार सवार युवकों के नाबालिग होने की आशंका भी जताई है। परिवार का कहना है कि अंजली गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है। हादसे के कारण परिवार की दीपावली अस्पताल में बीती। इसके बावजूद आरोपियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। परिजनों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए मामले में निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। बहन की जिंदगी बचाने के लिए भाई ने मुख्यमंत्री से लगाई गुहार
जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही बहन को न्याय दिलाने के लिए भाई ने वीडियो जारी कर मुख्यमंत्री से गुहार लगाई है। भाई का कहना है कि सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल बहन अस्पताल के आईसीयू में जिंदगी की जंग लड़ रही है। हादसे ने उसकी पढ़ाई और भविष्य के सपनों पर भी विराम लगा दिया है। आरोप है कि नशे की हालत में कार चला रहे युवकों की लापरवाही से यह हादसा हुआ। भाई ने आरोपियों को कड़ी सजा दिलाने और मामले में लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस का दावा- कार से मिली थी बीयर की खाली कैन
थाना प्रभारी कल्याणपुर केशव तिवारी ने बताया कि छह नवंबर की रात करीब 11 बजे रामा डेंटल तिराहे के पास कार और बाइक में टक्कर हुई थी। हादसे में बाइक सवार अमन तिवारी की बहन अंजली घायल हुई थी। उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पुलिस ने कार ड्राइवर वीर कटियार और उसके साथी कुशाग्र मल्होत्रा को हिरासत में लेकर मेडिकल परीक्षण कराया था। थाना प्रभारी के मुताबिक, कार की तलाशी में कोई मादक पदार्थ नहीं मिला था, केवल बीयर की एक खाली कैन मिली थी। मामले में मुकदमा दर्ज कर विवेचना की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)