लखनऊ में 26 नवंबर को होगा वाल्मीकि महासम्मेलन:प्रदेशभर के प्रतिनिधि जुटेंगे; आरक्षण, राजनीतिक प्रतिनिधित्व और सफाई कर्मचारियों के मुद्दे उठाएंगे

Nov 22, 2026 - 15:42
0
लखनऊ में 26 नवंबर को होगा वाल्मीकि महासम्मेलन:प्रदेशभर के प्रतिनिधि जुटेंगे; आरक्षण, राजनीतिक प्रतिनिधित्व और सफाई कर्मचारियों के मुद्दे उठाएंगे
लखनऊ के हजरतगंज स्थित गोमती होटल में रविवार को वाल्मीकि महासम्मेलन आयोजन समिति ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर 26 नवंबर को होने वाले महासम्मेलन की जानकारी दी। गोमतीनगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में सुबह 11 बजे से आयोजित सम्मेलन में प्रदेशभर से वाल्मीकि समाज के प्रतिनिधि जुटेंगे। इसमें समाज के अधिकार, आरक्षण में हिस्सेदारी और राजनीतिक प्रतिनिधित्व से जुड़े मुद्दे उठाए जाएंगे। समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि पहले महासम्मेलन 20 नवंबर को प्रस्तावित था, लेकिन प्रधानमंत्री के संभावित कार्यक्रम के चलते इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में 20 और 21 नवंबर की बुकिंग निरस्त हो गई। इसके बाद आयोजन की तारीख 26 नवंबर तय की गई। आरक्षण में उप वर्गीकरण की मांग नरेश वाल्मीकि ने बताया कि सम्मेलन में चार प्रमुख मुद्दों पर चर्चा होगी। सुप्रीम कोर्ट के फैसले के अनुरूप आरक्षण में उप वर्गीकरण लागू करने के लिए प्रदेश सरकार से कानून बनाने की मांग की जाएगी। इसके लिए गठित होने वाली सर्वेक्षण समिति में वाल्मीकि समाज के प्रतिनिधि को शामिल करने की बात भी रखी जाएगी। समिति का कहना है कि इससे समाज की अति पिछड़ी जातियों को शिक्षा और सरकारी नौकरियों में उचित प्रतिनिधित्व मिल सकेगा। 80 आरक्षित सीटों में 10 पर मांगा टिकट समाज ने आगामी विधानसभा चुनाव में प्रदेश की 80 आरक्षित सीटों में से कम से कम 10 सीटों पर वाल्मीकि समाज के प्रत्याशियों को टिकट देने की मांग उठाई है। इसके अलावा स्थानीय निकायों में रिक्त सफाई कर्मचारियों के पदों पर भर्ती और ठेका, संविदा व आउटसोर्सिंग पर काम कर रहे कर्मचारियों को नियमित करने की मांग की जाएगी। मुआवजा और जमीन पर मालिकाना हक समिति ने सीवर और सेप्टिक टैंक की सफाई मशीनों से कराने, हाथ से सफाई पर पूरी तरह रोक लगाने और नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई की मांग की। सफाई के दौरान जान गंवाने वाले कर्मचारियों के परिवारों को एक करोड़ रुपये मुआवजा देने की बात भी रखी जाएगी। वर्षों से सरकारी और नजूल भूमि पर रह रहे वाल्मीकि परिवारों को पट्टा और मालिकाना हक देने की मांग उठेगी। शिक्षा के मुद्दे पर स्वच्छकार मुक्ति पुनर्वास योजना दोबारा शुरू कर समाज की बेटियों की पढ़ाई के लिए आर्थिक सहायता देने की मांग की जाएगी। प्रेस कॉन्फ्रेंस में राम सिंह वाल्मीकि, नरेश वाल्मीकि, कमल वाल्मीकि, मोहित वाल्मीकि, विपिन वाल्मीकि, सुजीत वाल्मीकि और सविता (रेनू सिंह) वाल्मीकि समेत अन्य पदाधिकारी शामिल हुए।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User