बंद फैक्ट्री में खून से लथपथ मिला गार्ड का शव:कानपुर में सिर पर भारी वस्तु से कई वार, साथी गार्ड पर भी हत्या का शक
कानपुर के पनकी स्थित बंद पड़ी केसीके फैक्ट्री में शनिवार दोपहर 67 वर्षीय सुरक्षा गार्ड का शव खून से लथपथ मिला। शव फैक्ट्री परिसर में बाथरूम के बाहर पड़ा था। सिर के पिछले हिस्से में गंभीर चोट के निशान थे। गार्ड रोजाना की तरह सुबह 8 बजे ड्यूटी पर पहुंचा था। काफी देर तक बाहर नहीं आने पर साथी गार्ड उसे देखने पहुंचा तो घटना का पता चला। इसके बाद फैक्ट्री मालिक और पुलिस को सूचना दी गई। परिजनों ने सिर पर भारी वस्तु से कई वार कर हत्या किए जाने की आशंका जताई है। उन्होंने साथी गार्ड की भूमिका पर भी संदेह जताया है। पुलिस ने फोरेंसिक टीम के साथ जांच की और शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। 7 साल से फैक्ट्री में कर रहे थे नौकरी पनकी के गंगागंज कॉलोनी निवासी श्रीपाल राजपूत (67) पिछले करीब 7 साल से शाहपुर में भाटिया तिराहे के पास बंद पड़ी केसीके फैक्ट्री में सुरक्षा गार्ड थे। उनकी ड्यूटी सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक रहती थी। परिवार में पत्नी रामखिलौनी, बेटा आनंद मोहन, बहू नीलम और पौत्र आदित्य हैं। उनकी तीन बेटियों की शादी हो चुकी है। शनिवार को भी श्रीपाल रोजाना की तरह ड्यूटी पर पहुंचे थे। बाथरूम के बाहर पड़ा मिला शव दोपहर तक श्रीपाल काफी देर तक बाहर नहीं आए तो साथी गार्ड उन्हें देखने फैक्ट्री परिसर में पहुंचा। वहां बाथरूम के बाहर उनका शव खून से लथपथ पड़ा मिला। सिर के पिछले हिस्से में गंभीर चोट थी। साथी गार्ड ने तत्काल फैक्ट्री मालिक को सूचना दी। इसके बाद पुलिस कंट्रोल रूम के नंबर 112 पर कॉल की गई। सूचना मिलते ही पनकी थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई। भाई ने साथी गार्ड पर जताया शक पुलिस से सूचना मिलने के बाद परिजन फैक्ट्री पहुंचे। शव और सिर पर चोट के निशान देखकर उन्होंने हत्या की आशंका जताई। मृतक के भाई राकेश कुमार का आरोप है कि किसी ने भारी और कठोर वस्तु से श्रीपाल के सिर पर कई वार किए। परिजनों ने फैक्ट्री में तैनात साथी गार्ड की भूमिका पर भी संदेह जताया है। हालांकि, पुलिस ने अभी किसी पर आरोप की पुष्टि नहीं की है। मृतक के भाई ने अज्ञात हमलावर के खिलाफ कार्रवाई के लिए तहरीर दी है। CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस परिजनों ने फैक्ट्री परिसर में लगे सभी CCTV कैमरों की फुटेज सुरक्षित कर जांचने की मांग की है। उनका कहना है कि इससे घटना के समय मौजूद लोगों और फैक्ट्री में आने-जाने वालों की जानकारी मिल सकती है। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। डीसीपी पश्चिम एसएम कासिम आबिदी ने बताया कि परिजनों की तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)