लखनऊ में ब्रेड से लेकर केक-पेस्ट्री तक की होगी जांच:केमिकल और प्रतिबंधित रंगों के इस्तेमाल पर कार्रवाई, पैकेजिंग और लेबलिंग पर भी नजर

Nov 16, 2026 - 15:32
0
लखनऊ में ब्रेड से लेकर केक-पेस्ट्री तक की होगी जांच:केमिकल और प्रतिबंधित रंगों के इस्तेमाल पर कार्रवाई, पैकेजिंग और लेबलिंग पर भी नजर
ब्रेड, बिस्कुट, केक, पेस्ट्री, कुकीज, चॉकलेट और कैंडी बनाने व बेचने वाले कारोबारियों को अब खाद्य सुरक्षा के तय मानकों का सख्ती से पालन करना होगा। घटिया कच्चा माल, प्रतिबंधित रंगों का इस्तेमाल, अस्वच्छ तरीके से उत्पादन और उत्पादों को लेकर भ्रामक दावे करने पर कार्रवाई होगी। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) ने बेकरी और कन्फेक्शनरी कारोबार के लिए स्टोरेज, उत्पादन, पैकेजिंग और बिक्री से जुड़े निर्देश जारी किए हैं। इनके तहत निर्माण इकाइयों के साथ कैफे और दुकानों के काउंटर भी जांच के दायरे में रहेंगे। कच्चे माल की गुणवत्ता पर नजर मैदा, आटा, कोको पाउडर, अंडे, मेवे, मार्जरीन और शॉर्टनिंग जैसे कच्चे माल की नियमित जांच करनी होगी। इनमें फफूंद, बदरंग होने, दुर्गंध, संक्रमण या मिलावट के संकेत मिलने पर तत्काल अलग करना होगा। दूध, कस्टर्ड और पेस्ट्री फिलिंग जैसे जल्दी खराब होने वाले उत्पादों के भंडारण और परिवहन के दौरान कोल्ड चेन बनाए रखना जरूरी होगा। सात दिन से कम शेल्फ लाइफ वाले उत्पादों पर उपयोग की अंतिम तारीख भी लिखनी होगी। प्रतिबंधित रंग और रसायन नहीं कर सकेंगे इस्तेमाल उत्पादों को आकर्षक बनाने के लिए रोडामिन बी, मेटानिल येलो और सुडान डाई जैसे औद्योगिक रंगों का इस्तेमाल प्रतिबंधित है। पोटैशियम ब्रोमेट, पोटैशियम आयोडेट, फॉर्मेलिन, बोरिक एसिड और सैलिसिलिक एसिड का प्रयोग भी नहीं किया जा सकेगा। उत्पादों में केवल अनुमन्य खाद्य रंग और प्रिजर्वेटिव का तय मात्रा में इस्तेमाल होगा। साफ-सफाई और अलग-अलग होंगे उत्पादन क्षेत्र बेकरी की दीवारें, फर्श और छत ऐसी होनी चाहिए, जिन्हें आसानी से साफ किया जा सके। पानी की निकासी और कचरे के निस्तारण की उचित व्यवस्था भी जरूरी होगी। कर्मचारियों को एप्रन, हेड नेट और दस्ताने पहनने होंगे। सफाई के लिए पीने योग्य पानी का इस्तेमाल करना होगा। कच्चे माल की प्राप्ति, तैयारी, बेकिंग, ठंडा करने, पैकिंग और स्टोरेज के लिए अलग-अलग क्षेत्र बनाने होंगे, ताकि एक खाद्य पदार्थ से दूसरे में संक्रमण न फैले। मिक्सर, ओवन, ट्रे और मोल्ड समेत सभी उपकरण खाद्य-ग्रेड होने चाहिए। ब्रेड के नाम पर गलत दावा नहीं चलेगा होल व्हीट ब्रेड में कुल आटे का कम से कम 75 प्रतिशत साबुत गेहूं का आटा होना जरूरी है। मल्टीग्रेन ब्रेड में गेहूं के अलावा अन्य अनुमन्य अनाजों की मात्रा कम से कम 20 प्रतिशत होनी चाहिए। मिल्क ब्रेड में दूध के ठोस पदार्थ कम से कम छह प्रतिशत होने चाहिए। ओट, ब्रान, हनी और फ्रूट जैसे नामों से बेची जाने वाली ब्रेड में भी संबंधित सामग्री की निर्धारित मात्रा होनी चाहिए। सिर्फ रंग मिलाकर ब्रेड को ब्राउन या होल व्हीट बताकर बेचना नियमों के खिलाफ होगा। पैकेट पर देनी होगी पूरी जानकारी पैकेट पर उत्पाद का नाम, सामग्री, एलर्जेन की जानकारी, पोषण विवरण, शाकाहारी या मांसाहारी मार्क, बैच नंबर, निर्माण और समाप्ति तिथि के साथ 14 अंकों का FSSAI लाइसेंस नंबर देना होगा। दूध, सोया, ग्लूटेन और मेवे जैसे एलर्जेन की जानकारी भी स्पष्ट लिखनी होगी। केक बोर्ड, पेपर कप, रैपर और टेकअवे बॉक्स खाद्य-ग्रेड होने चाहिए। खाद्य पदार्थों को पैक करने के लिए अखबार या छपे हुए कागज का इस्तेमाल नहीं किया जा सकेगा। वनस्पति वसा, मार्जरीन और शॉर्टनिंग में ट्रांस फैट की मात्रा दो प्रतिशत से अधिक नहीं होनी चाहिए। शुगर फ्री, प्रिजर्वेटिव फ्री, ऑर्गेनिक और हेल्दी जैसे दावों की भी जांच होगी। कैफे और दुकानों के काउंटर भी जांचेंगे खुले केक, पेस्ट्री, मफिन, कुकीज और ब्रेड को शीशे के डिस्प्ले केस या खाद्य-ग्रेड कवर में रखना होगा। इससे उत्पाद धूल, मक्खियों और ग्राहकों के सीधे संपर्क से सुरक्षित रहेंगे। केक काटने वाले चाकू, ट्रे और दूसरे उपकरणों को नियमित रूप से सैनिटाइज करना होगा। कच्चे और तैयार खाद्य पदार्थों के लिए अलग-अलग उपकरण रखने होंगे। कैफे में दूध को उचित तापमान पर रखना और आइस मेकर में सुरक्षित पेयजल का इस्तेमाल करना जरूरी होगा। कॉफी मशीन, ब्लेंडर और जूसर की नियमित सफाई भी करनी होगी। लाइसेंस और खरीद के रिकॉर्ड भी जांचेंगे कारोबारियों के पास अपने काम के अनुसार खाद्य सुरक्षा लाइसेंस या रजिस्ट्रेशन होना चाहिए। मैदा, चीनी, दूध के ठोस पदार्थ, वसा, खाद्य रंग और फ्लेवर की खरीद के बिल, बैच नंबर और सप्लायर का रिकॉर्ड रखना होगा। कच्चे माल और तैयार उत्पादों की बैच डिटेल, रेसिपी, फॉर्मूलेशन और शेल्फ लाइफ का रिकॉर्ड भी उपलब्ध होना चाहिए। इसके अलावा कर्मचारियों के मेडिकल रिकॉर्ड, पेयजल की जांच रिपोर्ट, कीट नियंत्रण और तापमान नियंत्रण से जुड़े दस्तावेज भी मांगे जा सकेंगे। बाजार में कोई उत्पाद असुरक्षित मिलने पर उसे तत्काल वापस मंगाने की व्यवस्था और उसकी सप्लाई से जुड़ा पूरा रिकॉर्ड रखना होगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User