लंदन में रेडियो ब्रॉडकास्टर राशि को एआईबी 2026 अवार्ड:प्रयागराज की महिला को सात वर्षों तक अंतरराष्ट्रीय जूरी का हिस्सा रहने पर मिला सम्मान

Nov 25, 2026 - 15:27
0
लंदन में रेडियो ब्रॉडकास्टर राशि को एआईबी 2026 अवार्ड:प्रयागराज की महिला को सात वर्षों तक अंतरराष्ट्रीय जूरी का हिस्सा रहने पर मिला सम्मान
रेडियो ब्रॉडकास्टर, रानी लक्ष्मीबाई पुरस्कार से सम्मानित और वॉयस ऑफ उत्तर प्रदेश के खिताब से नवाजी जा चुकीं के. राशि कुमार को लंदन में आयोजित एसोसिएशन फॉर इंटरनेशनल ब्रॉडकास्टिंग (एआईबी) के 22वें वार्षिक पुरस्कार समारोह में सम्मानित किया गया। पार्क हयात लंदन में आयोजित समारोह में उन्हें लगातार सात वर्षों तक एआईबी की अंतरराष्ट्रीय जूरी का सदस्य रहने और प्रसारण जगत में योगदान के लिए यह सम्मान दिया गया। गैर-लाभकारी संस्था एसोसिएशन फॉर इंटरनेशनल ब्रॉडकास्टिंग की ओर से आयोजित एआईबी-2026 में वैश्विक पत्रकारिता और तथ्यपरक कार्यक्रमों में उत्कृष्ट योगदान को सम्मानित किया गया। इस वर्ष 28 देशों से 400 घंटे से अधिक की प्रस्तुतियां पुरस्कारों के लिए भेजी गई थीं। समारोह में ब्लूमबर्ग की मिशाल हुसैन को ऑडियो जर्नलिस्ट ऑफ द ईयर और बीबीसी की योगिता लिमाये को वीडियो जर्नलिस्ट ऑफ द ईयर चुना गया। वहीं, प्रसारण उद्योग में असाधारण योगदान के लिए मैरी-क्रिस्टीन सारागोस को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड प्रदान किया गया। राशि बोलीं अभिभूत हूं प्रयागराज लौटने पर के राशि कुमार ने कहा, "इस सम्मान से मैं बेहद गौरवान्वित और अभिभूत हूं।" राशि कुमार ने वर्ष 1997 में आकाशवाणी लखनऊ के अंग्रेजी कार्यक्रम युववाणी में कंपेयर के रूप में अपने प्रसारण करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद उन्होंने उत्तर प्रदेश में एफएम प्रसारण की शुरुआत में अहम भूमिका निभाई। 20 अगस्त 2000 को शुरू हुए प्रदेश के पहले एफएम रेडियो स्टेशन आकाशवाणी एफएम रेनबो, लखनऊ की वह पहली आवाज बनीं। इसके बाद प्रयागराज में भी एफएम प्रसारण के क्षेत्र में उन्होंने अहम भूमिका निभाई। वर्ष 2007 में एसएफएम (अब रेड एफएम) की शुरुआत में उन्होंने पहली प्रोग्रामिंग हेड के रूप में योगदान दिया। लेखिका और कवयित्री भी हैं प्रसारण के क्षेत्र में 29 वर्षों का अनुभव रखने वाली राशि कुमार लेखिका और कवयित्री भी हैं। कविता, कथा और गैर-कथात्मक लेखन के जरिए उन्होंने अंग्रेजी साहित्य में भी योगदान दिया है। उनका शैक्षणिक करियर भी करीब तीन दशक का है। उन्होंने स्कूल, कॉलेज और विश्वविद्यालय स्तर पर अध्यापन किया है। वर्तमान में वह आकाशवाणी प्रयागराज में गेस्ट ब्रॉडकास्टर के रूप में सेवाएं दे रही हैं। इसके अलावा इलाहाबाद विश्वविद्यालय के सेंटर ऑफ फूड टेक्नोलॉजी और सेंटर ऑफ मीडिया स्टडीज में कम्युनिकेशन स्किल्स, प्रोफेशनल प्रैक्टिसेज और रेडियो जर्नलिज्म की फैकल्टी हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User