कानपुर में करंट लगने से युवक की मौत:बाथरूम में समर चालू करते ही चपेट में आया, दोस्त ने बिजली काटकर छुड़ाया
कानपुर के बाबूपुरवा में दोस्त की कंपनी में रुके युवक की नहाते समय करंट लगने से मौत हो गई। वह बाथरूम में समर चालू करने गया था, तभी बिजली के तार की चपेट में आ गया। दोस्त ने उसे करंट से चिपका देखा तो बिजली की सप्लाई बंद कर किसी तरह छुड़ाया। उसे निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने हैलट रेफर कर दिया। हैलट में डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। वह 108 एंबुलेंस सेवा में ईएमटी था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। लखनऊ बैंक जाने की बात कहकर घर से निकला था मृतक की पहचान कन्नौज के ठठिया क्षेत्र स्थित सरसौन का पुरवा निवासी सोनू (29) के रूप में हुई। उसके पिता उधन सिंह किसान हैं। सोनू चार बहनों और एक भाई में सबसे बड़ा था। उसकी पत्नी का 28 जून को बीमारी के चलते निधन हो गया था। छोटा भाई रोहित प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा है। पिता ने बताया कि सोमवार शाम करीब 3 बजे सोनू लखनऊ में बैंक का काम होने की बात कहकर घर से निकला था। इसके बाद वह कानपुर के ट्रांसपोर्ट नगर में रहने वाले दोस्त अमित के पास पहुंच गया। अमित एक कंपनी में गार्ड है और वहीं रहता है। सोनू रात में उसी के पास रुक गया। समर चालू करते समय लगा करंट मंगलवार सुबह अमित लखनऊ जाने के लिए उठा। इसी दौरान सोनू नहाने के लिए कंपनी के बाथरूम में गया। समर चालू करते समय वह करंट की चपेट में आ गया और तार से चिपक गया। अमित ने उसे देखा तो तत्काल बिजली की सप्लाई बंद की और उसे छुड़ाया। इसके बाद निजी अस्पताल ले गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे हैलट रेफर कर दिया, जहां उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई दोस्त अमित ने परिजनों को सूचना देने के साथ 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को भी जानकारी दी। बेटे की मौत की खबर सुनकर परिवार के लोग कानपुर पहुंचे। अस्पताल में शव देखकर उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। बाबूपुरवा थाना प्रभारी नीरज ओझा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजनों की ओर से अभी तहरीर नहीं मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)