चंदौली में 29 नवंबर से प्रदेश स्तरीय भारोत्तोलन प्रतियोगिता:4 दिन के आयोजन में मीराबाई चानू आएंगी; प्रदेश के सभी जिलों के खिलाड़ी लेंगे हिस्सा
पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर के समीप कोरहना स्थित प्रयाग इंटरनेशनल स्कूल में 29 नवंबर से 2 दिसंबर तक चार दिवसीय प्रदेश स्तरीय भारोत्तोलन प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसमें उत्तर प्रदेश के सभी जिलों के खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे। प्रतियोगिता का विशेष आकर्षण टोक्यो ओलंपिक की रजत पदक विजेता मीराबाई चानू का पहली बार चंदौली आगमन होगा। उनके साथ भारतीय भारोत्तोलन महासंघ के अध्यक्ष एवं भारतीय ओलंपिक संघ के कोषाध्यक्ष डॉ. सहदेव यादव भी शामिल होंगे। आयोजन की जानकारी देने के लिए शनिवार को पीडीडीयू नगर के रिंग्स होटल में प्रेसवार्ता हुई। चंदौली भारोत्तोलन संघ के संरक्षक डॉ. पीयूष यादव ने बताया कि प्रतियोगिता का औपचारिक उद्घाटन 30 नवंबर को सुबह 9 से 10 बजे के बीच प्रस्तावित है। मीराबाई चानू के आगमन की सूचना 29 नवंबर की देर शाम या 30 नवंबर की सुबह तक मिलने की संभावना है। राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चुने जाएंगे खिलाड़ी डॉ. पीयूष यादव ने बताया कि इस चैंपियनशिप के माध्यम से चयनित खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करेंगे। चंदौली बड़ा ग्रामीण अंचल वाला जनपद है। आयोजन का उद्देश्य गांवों में छिपी खेल प्रतिभाओं को आगे लाना, बच्चों का आत्मविश्वास बढ़ाना और उन्हें अपने जिले में ही प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता देखने का अवसर देना है। द्रोणाचार्य पुरस्कार विजेता कोच की भी रहेगी मौजूदगी कार्यक्रम में द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित भारतीय भारोत्तोलन टीम के मुख्य कोच विजय शर्मा और उत्तर प्रदेश वेटलिफ्टिंग एसोसिएशन की प्रदेश अध्यक्ष एवं एशियाई भारोत्तोलन संघ की सीईओ सबीना यादव की भी उपस्थिति प्रस्तावित है। प्रदेश कोषाध्यक्ष प्रदीप यादव और वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजकिशोर यादव ने आयोजन के लिए बेहतर व्यवस्थाएं उपलब्ध कराने की बात कही। डॉ. पीयूष यादव ने क्षेत्र के लोगों, अभिभावकों और खेल प्रेमियों से प्रतियोगिता में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि मीराबाई चानू जैसी अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी को करीब से देखने और उनसे प्रेरणा लेने का अवसर स्थानीय युवाओं के लिए गौरव की बात होगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)