वाराणसी कांग्रेस ने शुरू की 'न्याय-यात्रा', वार्ड नंबर-85 से शुरुआत:100 वार्डों में मांगेंगे विकास का हिसाब, राघवेंद्र चौबे बोले- काशी में बस टोटो और फोटो चल रहा

Nov 28, 2026 - 14:22
0
वाराणसी कांग्रेस ने शुरू की 'न्याय-यात्रा', वार्ड नंबर-85 से शुरुआत:100 वार्डों में मांगेंगे विकास का हिसाब, राघवेंद्र चौबे बोले- काशी में बस टोटो और फोटो चल रहा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र काशी में विकास कार्यों की हकीकत जनता के सामने लाने और शहर की कथित बदहाली का हिसाब मांगने के उद्देश्य से महानगर कांग्रेस कमेटी ने 'न्याय यात्रा' का आगाज किया है। महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे के नेतृत्व में उत्तरी विधानसभा क्षेत्र के धूपचंडी वार्ड स्थित मां धूमावती देवी का दर्शन-पूजन और आशीर्वाद लेकर इस पदयात्रा की शुरुआत की गई। यह अभियान आगामी 20 दिसंबर तक चलेगा, जिसके तहत काशी के सभी 100 वार्डों में कांग्रेस कार्यकर्ता घर-घर जाकर जनता से संवाद करेंगे। इस यात्रा का शुभारंभ पूर्व जिलाध्यक्ष प्रजानाथ शर्मा ने किया। तीन विधानसभा क्षेत्रों के 100 वार्डों में जाएंगे कांग्रेसी यात्रा के उद्देश्यों को स्पष्ट करते हुए महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने बताया कि यह यात्रा महानगर के 100 वार्डों की न्याय यात्रा है। इसे शहर की तीनों विधानसभाओं - उत्तरी, रोहनिया और शिवपुर के विधानसभा प्रभारियों के संयोजन में संचालित किया जा रहा है। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता लोगों के बीच एक विशेष 'अपील पत्र' (पर्चा) भी वितरित कर रहे हैं, जिसमें 1989 के बाद से अब तक काशी की स्थिति और कांग्रेस के शासनकाल में हुए विकास कार्यों का तुलनात्मक ब्योरा दिया गया है। 12 साल में नहीं लगा कोई बड़ा उद्योग या अस्पताल राघवेंद्र चौबे ने केंद्र और प्रदेश सरकार पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि पिछले 12 वर्षों से काशी देश के प्रधानमंत्री का संसदीय क्षेत्र है, लेकिन इसके बावजूद यहां प्रधानमंत्री स्तर का कोई बड़ा कारखाना, नया अस्पताल या बच्चों की सस्ती शिक्षा के लिए केंद्रीय विद्यालय जैसा कोई प्रमुख शिक्षण संस्थान स्थापित नहीं किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार केवल 'हवा-हवाई बातों' और 'इवेंटबाजी' में व्यस्त है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि आज बनारस में केवल दो ही चीजें चल रही हैं। पहला 'टोटो' (ई-रिक्शा) और दूसरा 'फोटो'। इसके अलावा जमीनी स्तर पर कोई ठोस काम नहीं हो पा रहा है। वीआईपी मूवमेंट में उलझा प्रशासन, जनता परेशान कांग्रेस नेता ने प्रशासनिक कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि शहर के अधिकारी केवल वीआईपी मूवमेंट को मैनेज करने और सरकारी आयोजनों को संपादित कराने में व्यस्त रहते हैं। अधिकारियों के पास इतना भी समय नहीं है कि वे कार्यालय में बैठकर आम जनता की मूलभूत समस्याओं का निवारण कर सकें। उन्होंने दावा किया कि 1989 के बाद से लगातार मेयर, विधायक और सांसद के पदों पर विपक्ष का कब्जा रहा है, जबकि 2004 से 2009 के बीच जब काशी की जनता ने कांग्रेस को मौका दिया, तो शहर को बीएचयू ट्रॉमा सेंटर और लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट जैसी बड़ी सौगातें मिलीं। भाजपा को सत्ता से बेदखल करने की अपील राघवेंद्र चौबे ने भारतीय जनता पार्टी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि इस न्याय यात्रा के माध्यम से वे 'वोट चोरी' और 'चढ़ावा चोरी' जैसे मुद्दों पर भी सत्तापक्ष को बेनकाब करेंगे। उन्होंने कहा कि काशी के लोग आज भी बुनियादी सुविधाओं के लिए तरस रहे हैं। कांग्रेस कार्यकर्ता 20 दिसंबर तक बारी-बारी से हर वार्ड में जाकर लोगों को जागरूक करेंगे और आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा को सत्ता से हटाने के लिए जनता से अपील करेंगे। काशी की बदहाली का हिसाब चुकता करें कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष प्रजानाथ शर्मा ने इस न्याय यात्रा का शुभांरभ किया। उन्होंने कहा - आज काशी में महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे के नेतृत्व में उत्तरी विधानसभा में काशी की बदहाली का हिसाब मांगने और काशी की जनता को उत्तरी विधानसभा की जनता को ये समझाने, बताने के लिए ये पदयात्रा 'न्याय यात्रा' निकाली जा रही है। मोदी जी के संसदीय क्षेत्र में कि अब तक 2014 से लेकर अब तक काशी में कितने विकास के काम हुए और क्या-क्या विकास हुआ है। इसका हिसाब मांगने और नगर निगम द्वारा ये जो पोस्टर लगाए जा रहे हैं और ये लोगों को समझाया जा रहा है कि विपक्ष की पार्टियों ने काशी की स्थिति को बदहाल कर रखा है। आज हम खुलकर इस 'न्याय यात्रा' के माध्यम से मांग करना चाहते हैं कि काशी की बदहाली का हिसाब चुकता करें, जनता को इसका हिसाब दें।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User