सपा की साइकिल पंचर होगी:महोबा में केशव मौर्य बोले- 2027 में BJP तीसरी बार सरकार बनाएगी, सपा 5 सांसद और 50 विधायकों तक सिमटेगी
उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने शनिवार को महोबा में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि भाजपा प्रदेश में लगातार तीसरी बार सरकार बनाएगी और बुंदेलखंड की सभी सीटों पर जीत दर्ज करेगी। सपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि उसकी हैसियत पांच सांसद और 50 विधायक तक सिमट जाएगी। मौर्य चरखारी विधायक बृजभूषण राजपूत के आवास पर आयोजित शोकसभा में शामिल होने पहुंचे थे। विधायक के चाचा को दी श्रद्धांजलि केशव मौर्य चरखारी विधायक बृजभूषण राजपूत के मोती महल स्थित आवास पहुंचे। यहां उन्होंने विधायक के स्वर्गीय चाचा गिरिजा चरण राजपूत की शोकसभा में पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने सपा और उसके राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधा। अखिलेश के घोषणा पत्र को बताया ढकोसला मौर्य ने कहा कि अखिलेश यादव का घोषणा पत्र झूठ का पुलिंदा और ढकोसला है। यूपी की जनता को सपा पर भरोसा नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा की राजनीति जातिवाद और तुष्टिकरण पर आधारित रही है। भाजपा बुंदेलखंड की सभी सीटें जीतेगी और सपा की साइकिल पंचर होकर सैफई की ओर चली जाएगी। सपा सरकार में गुंडे-माफिया करते थे कब्जे डिप्टी सीएम ने आरोप लगाया कि सपा सरकार में गुंडे और माफिया पार्टी का झंडा लगाकर गुंडागर्दी करते थे। 'खाली प्लॉट हमारा' जैसे नारे लगाकर जमीनों पर कब्जे किए जाते थे। अखिलेश यादव के बेटी पैदा होने पर 10 ग्राम सोना देने के वादे पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि जनता उनकी चालबाजी में नहीं फंसेगी। उन्होंने अखिलेश को बयानवीरता छोड़कर पहले अपना आचरण दिखाने की नसीहत दी।
आजम और ओवैसी के बयानों पर भी साधा निशाना आजम खान के 'सियासी भूचाल' वाले बयान पर मौर्य ने कहा कि प्रदेश में भूचाल आएगा, क्योंकि बचे हुए गुंडों और माफियाओं के खिलाफ जांच चल रही है। जांच के आधार पर कार्रवाई होगी। अपराधियों पर कार्रवाई के अखिलेश यादव के दावे पर उन्होंने तंज कसते हुए कहा, '100 बिल्ली खाकर चूहा हज को चली।' वहीं, ओवैसी के 'मूंछों वाले मुख्यमंत्री' वाले बयान पर उन्होंने भाजपा विरोधी दलों को 'भाजपा विरोधी गैंग' बताया। मौर्य ने कहा कि इन दलों का लक्ष्य भाजपा का विजय रथ रोकना है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)