श्रावस्ती के 921 बूथों पर SIR अभियान चला:DM ने किया निरीक्षण, 29 नवंबर को भी लगेगा शिविर
श्रावस्ती में मतदाता सूची में छूटे पात्र नागरिकों और नए युवा मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान चल रहा है। शनिवार को दोपहर 1:00 से 2:00 बजे के बीच जिला निर्वाचन अधिकारी मनोज कुमार राय ने भिनगा और श्रावस्ती विधानसभा क्षेत्रों के बूथों का निरीक्षण किया। उन्होंने बीएलओ को सूची की गलतियां सुधारने और पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने के निर्देश दिए। दरअसल जिले के सभी 921 मतदेय स्थलों पर विशेष शिविर लगाए गए। यहां 18 साल की उम्र पूरी करने वाले युवाओं समेत पात्र नागरिकों से फार्म-6 भरवाकर नाम जोड़ने के आवेदन लिए गए। मनोज कुमार राय ने बताया कि मतदाता सूची का प्रारूप 17 नवंबर को प्रकाशित हो चुका है। तय अवधि में मतदाता अपना नाम जांचकर उसमें सुधार, नाम जोड़ने या हटाने के लिए आवेदन कर सकते हैं।29 नवंबर को भी विशेष शिविर लगेगा। इस दिन सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक बीएलओ अपने तय बूथों पर जरूरी दस्तावेजों के साथ मौजूद रहेंगे। पुनरीक्षण का उद्देश्य एक जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर 18 साल की उम्र पूरी कर चुके सभी पात्र नागरिकों के नाम सूची में जोड़ना है। मृतक, स्थायी रूप से दूसरी जगह जा चुके और डुप्लीकेट मतदाताओं के नाम हटाए जाएंगे। महिला, युवा, दिव्यांग, वरिष्ठ नागरिक और ट्रांसजेंडर मतदाताओं के नाम जोड़ने पर भी जोर दिया जा रहा है। डीएम ने राजनीतिक दलों से हर बूथ पर बूथ लेवल एजेंट नियुक्त करने की अपील की। मतदाता सूची में नाम बूथ, बीएलओ, ईसीआईनेट ऐप और नागरिक सेवा पोर्टल के जरिए भी जांचा जा सकता है।संबंधित अधिकारियों के पास फार्म-6, 6ए, 7 और 8 उपलब्ध रहेंगे। इन फार्मों से नाम जोड़ने, हटाने और सुधार के लिए आवेदन किया जा सकेगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)